जयपुर पुलिस मुख्यालय के सभागार में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि बैठक करते दिख रहे हैं।

राजस्थान पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता में सुधार के लिए दिसंबर के प्रथम सप्ताह से विशेष ऑनलाइन प्रोग्राम शुरू होने जा रहा है। राजस्थान पुलिस और मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी (यूके) के संयुक्त सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों को ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम के प्रभाव का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे पुलिसकर्मियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को समझकर उनके कल्याण और कार्यक्षमता में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ग्लोबल मेंटल हेल्थ रिसर्च के प्रोफेसर विमल कुमार शर्मा ने किया। बैठक में 28 जुलाई, 2026 को राजस्थान पुलिस अकादमी और मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के बीच हुए एमओयू के क्रियान्वयन तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी राजस्थान पुलिस के लिए महत्वपूर्ण पहल है। राजस्थान पुलिस के व्यापक अनुभव और उपलब्ध डेटा के साथ विश्वविद्यालय की शोध विशेषज्ञता का समन्वय पुलिसिंग, पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य और प्रशिक्षण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। इससे पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता तथा वैज्ञानिक शोध का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस सहयोग के तहत पुलिसकर्मियों के लिए डिस्टेंस लर्निंग, सर्टिफिकेट कोर्स, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाओं और विशेषज्ञ व्याख्यानों के अवसर भी विकसित किए जाएंगे। मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सामाजिक देखभाल एवं स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में संयुक्त शोध किया जाएगा। इससे पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी भावी योजनाओं को नई दिशा मिलेगी।

बैठक में मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी की ओर से प्रो. कीथ ब्रेनन, प्रो. कैथरीन ए. रॉबिन्सन, प्रो. लूसी बर्न-डेविस, डॉ. इंगो शिसल, हेलेन हॉथॉर्न एवं डॉ. महेश एम. ओडियूर शामिल हुए। वहीं, राजस्थान पुलिस की ओर से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आलोक कुमार वशिष्ठ तथा उप महानिरीक्षक पुलिस (प्रशिक्षण) शरद चौधरी उपस्थित रहे।

दिसंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होने वाला यह ऑनलाइन कार्यक्रम राजस्थान पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर केंद्रित होगा। इसके तहत विशेषज्ञों की कक्षाओं के बाद कार्यक्रम के परिणामों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा, जिससे पुलिसकर्मियों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और कल्याण संबंधी योजनाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।

Tags: