झुंझुनूं जिले के खेतड़ी में चुनाव मतदान के दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र सिंह और जयपाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी खेतड़ी थाने में मारपीट के दो-दो प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस का अनुसंधान जारी है।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि 17 नवंबर को परिवादी राजेश कुमार सैनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 16 नवंबर को चुनाव मतदान के दौरान उनके पिता लक्ष्मीनारायण सैनी पोलिंग बूथ के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान सुरेन्द्र सिंह, जयपाल सिंह, दौलत सिंह, रणवीर सिंह और अन्य 5-7 व्यक्ति एकराय होकर वहां पहुंचे और जान से मारने की नीयत से कुर्सियों से उन पर हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल लक्ष्मीनारायण सैनी को उपचार के लिए पहले बबाई अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें नीमकाथाना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मतदान के दौरान हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और खेतड़ी वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धिप्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी जयपाल सिंह पुत्र पूर्ण सिंह (41) निवासी ढाणी आशाकाला और सुरेन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय श्योबक्स सिंह (50) निवासी ढाणी मीनावाली तन विजयनगर थाना खेतड़ी, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ खेतड़ी थाने में पहले से मारपीट के दो-दो प्रकरण दर्ज हैं। इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े पहलुओं को लेकर आगे का अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी बुद्धिप्रसाद, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल राजवीर, अनिल एवं हेमंत कुमार की भूमिका रही।

Tags: