ब्यावर में मतगणना कर्मियों की बस पलटी, कई कार्मिक घायल
| बिराटियां कला टोल प्लाजा के पास नंदी को बचाने के प्रयास में बस बेकाबू हुई, जैतारण के कार्मिक अमृतकौर अस्पताल में भर्ती
मतगणना जा रहे जैतारण के कार्मिकों की बस नंदी से बचने के प्रयास में बिराटियां कला के पास पलटी।
ब्यावर। पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए कर्मचारियों को लेकर जा रही एक निजी बस शुक्रवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गई। बर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 25 पर बिराटियां कला पथ कर प्लाजा के समीप अचानक सामने आई नंदी को बचाने के प्रयास में बस असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार कार्मिक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, निजी बस में जैतारण उपखंड अधिकारी कार्यालय और तहसीलदार कार्यालय में नियुक्त कार्मिक सवार थे। ये सभी जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव की मतगणना में शामिल होने के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह बिराटियां कला पथ कर प्लाजा के पास अचानक नंदी के सामने आ जाने से बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई।
दुर्घटना के बाद घायलों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के रोगी वाहन की सहायता से स्थानीय राजकीय अमृतकौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। चुनाव की मतगणना के लिए जा रहे कार्मिकों की बस दुर्घटनाग्रस्त होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।