भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में बिजली कंपनियों के लाभ और ऊर्जा क्षेत्र की प्रगति पर बयान दिया।

राजस्थान में बिजली क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव सामने आया है। प्रदेश की दो प्रमुख विद्युत वितरण कंपनियां लाभ की स्थिति में पहुंच गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप राजस्थान सौर ऊर्जा स्थापना और अक्षय ऊर्जा उत्पादन में देश में पहले स्थान पर पहुंचा है। वहीं, अजमेर विद्युत वितरण निगम ने 1,875.82 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है और जयपुर विद्युत वितरण निगम पहली बार 931 करोड़ रुपये के मुनाफे में आया है।

जयपुर, 16 नवंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाती है। प्रदेश के विकास की मंशा से शुरू किए गए प्रयास अब परिणाम देने लगे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेशवासियों का 'शुभ' करने के उद्देश्य से जो कदम उठाए हैं, उनसे राजस्थान को 'लाभ' मिला है। स्पष्ट नीति, साफ नियत और कुशल नेतृत्व के चलते बिजली क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महज 34 माह के कार्यकाल में बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को घाटे से निकालकर बेहतर स्थिति में पहुंचाया है। अजमेर डिस्कॉम ने 1,875.82 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है, जबकि जयपुर डिस्कॉम पहली बार 931 करोड़ रुपये के लाभ में आया है। इसके साथ ही बिजली कंपनियों के संचयी घाटे में भी लगभग 8,725 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेशवासी बिजली के लिए परेशान थे। तत्कालीन गहलोत सरकार के कुप्रबंधन के कारण बिजली कंपनियां लगातार घाटे में जा रही थीं। स्थिति यह थी कि उधार पर बिजली लेने के बाद उसका भुगतान करने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा था। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर प्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाई। इतना ही नहीं, लगभग 2,000 करोड़ रुपये की बिजली का विक्रय भी किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाने के फैसले को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को वही समझ सकता है, जो स्वयं जमीन से जुड़ा हो और उनकी परिस्थितियों से परिचित हो। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों की उस परेशानी को समझा, जिसके चलते उन्हें बिजली का इंतजार करते हुए रात-रातभर खेतों में जागना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाने का निर्णय लागू किया गया। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही इस व्यवस्था से प्रतिवर्ष 1,246 करोड़ रुपये की बचत भी हुई है।

राठौड़ ने बिजली क्षेत्र के घाटे के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि 31 मार्च 2023 को कुल घाटा 92,069 करोड़ रुपये था, जो 31 दिसंबर 2023 तक बढ़कर 98,634 करोड़ रुपये हो गया था। इस स्थिति के आधार पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में घाटा बढ़कर 1,21,073 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान था। हालांकि, सरकार की ओर से घाटा कम करने के लिए उठाए गए आवश्यक कदमों के परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह घाटा 89,907.77 करोड़ रुपये तक सीमित रहा।

उन्होंने बताया कि बिजली चोरी और छीजत पर प्रभावी रोक लगाने से एटीएंडसी लॉस में भी उल्लेखनीय कमी आई है। यह नुकसान पहले 21.81 प्रतिशत था, जो घटकर 12.84 प्रतिशत रह गया है। इसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में पिछले 34 माह के दौरान 29 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है। इसके मुकाबले पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समान अवधि के कार्यकाल में केवल 5.9 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता ही स्थापित हो पाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के निर्धारित लक्ष्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags: