जयपुर, 06 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में पंच, सरपंच, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के मतदान और मतगणना के साथ पंच-सरपंच पदों के नामांकन तथा उपसरपंच चुनाव की तिथियों में बदलाव किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान अब 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को होगा। पूर्व कार्यक्रम में मतदान की तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित थी। मतदान दलों का प्रस्थान भी 22 अक्टूबर के स्थान पर अब 21 अक्टूबर को होगा। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन की तिथि 24 अक्टूबर से बदलकर 23 अक्टूबर कर दी गई है। मतदान की तिथि 25 अक्टूबर के स्थान पर 24 अक्टूबर तथा मतगणना की तिथि भी 25 अक्टूबर से बदलकर 24 अक्टूबर कर दी गई है। उपसरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर के स्थान पर 25 अक्टूबर को होगा।

द्वितीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 29 अक्टूबर के स्थान पर अब 28 अक्टूबर 2026 को होगा। मतदान दलों का प्रस्थान 28 अक्टूबर से बदलकर 27 अक्टूबर किया गया है। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन की तिथि 30 अक्टूबर से बदलकर 29 अक्टूबर कर दी गई है। मतदान एवं मतगणना 31 अक्टूबर के स्थान पर 30 अक्टूबर को होगी, जबकि उपसरपंच का चुनाव 1 नवम्बर के स्थान पर 31 अक्टूबर 2026 को होगा।

तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 04 नवम्बर से बदलकर 03 नवम्बर 2026 कर दिया गया है। मतदान दलों का प्रस्थान 3 नवम्बर के स्थान पर अब 2 नवम्बर को होगा। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन की तिथि 5 नवम्बर से बदलकर 4 नवम्बर कर दी गई है। मतदान एवं मतगणना 6 नवम्बर के स्थान पर 5 नवम्बर को होगी, जबकि उपसरपंच का चुनाव 7 नवम्बर से बदलकर 6 नवम्बर 2026 कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम में मतदान का समय यथावत प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। पंच एवं सरपंच पद की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी। संशोधित कार्यक्रम के साथ पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीनों चरणों की मतदान, नामांकन, मतगणना और उपसरपंच चुनाव की निर्धारित तिथियों में बदलाव प्रभावी होगा।


Tags: