जयपुर पंचायती राज चुनाव 2026: प्रथम चरण की अधिसूचना जारी, जानें शेड्यूल
जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों, पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी समय-सारणी तथा रिटर्निंग अधिकारी तय।
जयपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण की निर्वाचन प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन के लिए 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने प्रथम चरण के चुनाव कार्यक्रम के साथ पंचायत समिति सदस्यों के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए पंचायत समिति वार रिटर्निंग अधिकारी एवं नामांकन प्राप्ति स्थल भी निर्धारित किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण के मतदान हेतु मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा। मतदान 22 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। इन पदों के लिए मतगणना 20 नवम्बर 2026 (शुक्रवार) को जिला मुख्यालय पर प्रातः 8 बजे से मतगणना समाप्ति तक की जाएगी।
पंच एवं सरपंच पदों के लिए भी 8 अक्टूबर को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 23 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11ः30 बजे से होगी तथा नाम वापसी का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। इसके तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रथम चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) को होगा।
पंचायती राज आम चुनाव के तहत पंचायत समिति सदस्यों के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए पंचायत समिति वार रिटर्निंग अधिकारी एवं नामांकन प्राप्ति स्थल निर्धारित किए गए हैं। आमेर पंचायत समिति के लिए राजेन्द्र कुमार, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, आमेर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा नामांकन कार्यालय उपखण्ड अधिकारी, आमेर में प्राप्त किए जाएंगे।
जालसू के लिए डॉ. आस्था शर्मा, सहायक कलक्टर (फास्ट ट्रैक), चौमूं को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा नामांकन स्थल कमरा नंबर 6, तहसील कार्यालय, जालसू निर्धारित किया गया है। रामपुरा डाबड़ी के लिए सुमन, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, रामपुरा डाबड़ी तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष, उपखण्ड कार्यालय, रामपुरा डाबड़ी निर्धारित किया गया है। चाकसू के लिए सीमा तिवाड़ी, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, चाकसू तथा नामांकन स्थल न्यायालय कमरा नम्बर 7, उपखण्ड कार्यालय, चाकसू निर्धारित किया गया है।
कोटखावदा के लिए श्रीकान्त व्यास, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, जयपुर शहर उत्तर तथा नामांकन स्थल तहसील कार्यालय, कोटखावदा निर्धारित किया गया है। माधोराजपुरा के लिए ललित मीणा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, माधोराजपुरा तथा नामांकन स्थल उपखण्ड कार्यालय, माधोराजपुरा निर्धारित किया गया है। चौमूं के लिए अजीत सिंह राठौड़, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, चौमूं तथा नामांकन स्थल कमरा नंबर 02 (न्यायालय कक्ष), उपखण्ड कार्यालय, चौमूं निर्धारित किया गया है।
गोविन्दगढ़ के लिए मुक्ता राव, सहायक कलक्टर, चौमूं तथा नामांकन स्थल अम्बेडकर भवन (हॉल), पंचायत समिति, गोविन्दगढ़ निर्धारित किया गया है। जमवारामगढ़ के लिए ओम प्रकाश मीणा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, जमवारामगढ़ तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष, उपखण्ड कार्यालय, जमवारामगढ़ निर्धारित किया गया है। आंधी के लिए सुप्रिया, सहायक कलक्टर (फास्ट ट्रैक), जमवारामगढ़ तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष, तहसील कार्यालय आंधी निर्धारित किया गया है।
झोटवाड़ा पंचायत समिति के लिए खुशबू शर्मा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, जयपुर प्रथम तथा नामांकन स्थल न्यायालय तहसीलदार कमरा नं. 1, तहसील कालवाड़, जयपुर निर्धारित किया गया है। जोबनेर के लिए रमेश कुमार, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, जोबनेर तथा नामांकन स्थल कार्यालय उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, जोबनेर निर्धारित किया गया है।
दूदू के लिए गुलाब सिंह वर्मा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, दूदू तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष संख्या 02, उपखण्ड कार्यालय, दूदू निर्धारित किया गया है। मौजमाबाद के लिए मुकेश कुमार अग्रवाल, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, मौजमाबाद तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष, उपखण्ड अधिकारी, मौजमाबाद निर्धारित किया गया है। फागी के लिए बलबीर सिंह, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, फागी तथा नामांकन स्थल इजलास कक्ष, उपखण्ड कार्यालय, फागी निर्धारित किया गया है।
सांभरलेक के लिए ऋषिराज कपिल, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, सांभरलेक तथा नामांकन स्थल न्यायालय कक्ष 01, उपखण्ड कार्यालय, सांभरलेक निर्धारित किया गया है। किशनगढ़ रेनवाल के लिए सर्वेश शर्मा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, किशनगढ़-रेनवाल तथा नामांकन स्थल इजलास कक्ष, उपखण्ड कार्यालय, किशनगढ़ रेनवाल निर्धारित किया गया है।
सांगानेर के लिए विकास प्रजापत, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, सांगानेर तथा नामांकन स्थल कोर्ट रूम, उपखण्ड कार्यालय, सांगानेर निर्धारित किया गया है। बस्सी के लिए दीपक सिंह खटाणा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, बस्सी तथा नामांकन स्थल न्याय कक्ष (इजलास), उपखण्ड कार्यालय बस्सी निर्धारित किया गया है। तूंगा के लिए शिप्रा जैन, सहायक कलक्टर, बस्सी तथा नामांकन स्थल तहसील कार्यालय, तूंगा न्यायालय कक्ष निर्धारित किया गया है।
शाहपुरा के लिए जगदीश प्रसाद बैरवा, उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, शाहपुरा तथा नामांकन स्थल न्याय कक्ष कमरा नंबर 10, उपखण्ड कार्यालय, शाहपुरा निर्धारित किया गया है। अमरसर के लिए अजीत कुमार बुन्देला, सहायक कलक्टर (फास्ट ट्रैक), शाहपुरा तथा नामांकन स्थल कमरा नंबर 03, कार्यालय उप तहसील, अमरसर निर्धारित किया गया है।
इस तरह प्रथम चरण के पंचायती राज चुनाव के लिए 8 अक्टूबर से निर्वाचन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन से लेकर 22 अक्टूबर के मतदान और 20 नवम्बर की मतगणना तक की तिथियां निर्धारित हैं, जबकि पंच एवं सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान, उसी दिन संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना और 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।