मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जापानी प्रतिनिधिमंडल से बैठक, राजस्थान में निवेश को लेकर बड़ा संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से निवेश और उद्योगों पर चर्चा की, जयपुर-यामानाशी ज्वैलरी कारोबार बढ़ाने पर दिया जोर।
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जापान के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर राजस्थान में उद्योग, निवेश और रत्न-आभूषण क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान और जापान के बीच वर्षों पुराना नाता है और राज्य सरकार दोनों के बीच रत्न-आभूषण सहित अन्य उद्योगों के विकास के लिए रोडमैप बनाकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इसी क्रम में जापानी जोन बनाकर विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे जापानी कंपनियों को अनुकूल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर ज्वैलरी एसोसिएशन और यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन से मिलकर रत्न-आभूषण व्यापार को और आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों एसोसिएशन तकनीक और निवेश के साथ इस व्यापार को नई ऊंचाई तक ले जाएं, जिससे व्यापार के विस्तार के साथ रोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 में अपने जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जापानी कंपनियों ने राजस्थान में निवेश करने पर तीन से चार गुना फायदे पर आभार भी जताया था। उन्होंने जापान के निवेशकों को राजस्थान में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में जापान के कोफू सिटी के मेयर युइची हिगुची ने राजस्थान सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और यहां उपलब्ध निवेश अवसरों की सराहना की। उन्होंने बताया कि जापान की 180 कंपनियां राजस्थान में कार्य कर रही हैं।
युइची हिगुची ने कहा कि जयपुर और कोफू सिटी के ज्वैलर्स मिलकर पूरी दुनिया में ज्वैलरी का बिजनेस कर रहे हैं। जयपुर की लगभग 60 कंपनियां कोफू सिटी में ज्वैलरी का कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जापानी प्रतिनिधिमंडल ने ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, जयपुर ज्वैलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला, यामानाशी ज्वैलरी एसोसिएशन इंटरनेशनल कमेटी के चेयरमैन नवीन सोनकिया, कोशिन कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष काजुओ मात्सुमोटो, क्रिएट ताकानो कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष चिकारा यानागिमोटो, द यामानाशी चुओ बैंक लिमिटेड के वरिष्ठ सलाहकार नकाबा शिंदो, कोफू बिल्डिंग कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन तेत्सुजी सकामोटो, कोफू सिटी उद्योग विभाग के महानिदेशक ताकेयासु तनाका, कोफू सिटी वाणिज्य एवं उद्योग प्रभाग के प्रबंधक सातोशी त्सुनोदा, ईगाडो कंपनी लिमिटेड के उपाध्यक्ष तादाओ शिमुरा, क्रॉसफोर कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष अकीहिको नाइतो, कोफू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रबंधक शिगेमासा सुजुकी, कोफू सिटी अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रभाग के मेयर कार्यालय प्रबंधक शुनिची हागिहारा सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्थान और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग, निवेश तथा रत्न-आभूषण कारोबार के विस्तार पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने जयपुर और यामानाशी के ज्वैलरी क्षेत्र को तकनीक और निवेश के माध्यम से मजबूत कर व्यापार तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।