तस्वीर में पुलिस थाना सदर दौसा के बाहर का परिसर नजर आ रहा है, जहां पुलिस टीम मामले की जांच और कार्रवाई कर रही है।

पुलिस थाना सदर दौसा ने ग्राम गोठड़ा में रात के समय रिहायशी मकान में घुसकर परिवादी लक्ष्मीनारायण पर हमला करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों नितिश उर्फ नीतू और केवलराम को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी प्रकाश मीना को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते परिवादी के घर से लेन-देन की लिखा-पढ़त वाली डायरी चोरी करने और उसके हाथ-पैर तोड़ने के लिए आरोपियों को ₹50 हजार की सुपारी दी गई थी।

महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज श्री राहुल प्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक दौसा श्री पीयूष दीक्षित के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा श्री शंकर लाल एवं वृत्ताधिकारी दौसा श्री कपिल के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस थाना सदर दौसा श्री युधिष्ठिर, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीमों ने कार्रवाई की।

परिवादी लक्ष्मीनारायण ने घटना के संबंध में गत 19 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 2:33 बजे वह अपने मकान के बाहर सो रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसका मुंह दबाकर तथा उसे खाट पर दबाकर पकड़ लिया। उसके शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। आरोपी वहां रस्सी तथा मुंह पर लगाने वाली टेप छोड़ गए। परिवादी ने आरोपियों के पास हथियार होने का अंदेशा भी जताया था।

परिवादी ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों ने उसके पालतू कुत्ते को चिकन में जहर देकर मार दिया था। रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर दौसा में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्रकाश मीना को 19 अगस्त को ही गिरफ्तार कर लिया था। फरार चल रहे आरोपियों में से मुख्य आरोपी नितिश उर्फ नीतू और केवलराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बृजेश मीना निवासी गांगदवाड़ी, जिसका परिवादी के साथ रुपयों का लेन-देन था, ने परिवादी के घर से लेन-देन की लिखा-पढ़त वाली डायरी चोरी करने तथा परिवादी के हाथ-पैर तोड़ने के लिए प्रकाश मीना, केवलराम मीना, धनराज मीना और नितिश उर्फ नीतू मीना को ₹50 हजार की सुपारी दी थी।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने परिवादी के घर की तीन से चार बार रैकी की थी। 14 अगस्त को परिवादी के घर में मौजूद पालतू कुत्ते को चिकन में जहर देकर मार दिया गया। इसके बाद 19 अगस्त की रात दूसरे कुत्ते को भी जहर देकर मारने के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर परिवादी पर हमला किया।

मामले में धनराज मीना तथा बृजेश मीना की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं प्रकरण में आगे का अनुसंधान जारी है।

Tags: