त्योहारों के दौरान बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खातीपुरा से शालीमार और टाटानगर के लिए दो एकतरफा स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। दोनों स्पेशल ट्रेनें 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को खातीपुरा से रवाना होंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, इन रेलसेवाओं का संचालन अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

गाड़ी संख्या 08062 खातीपुरा–शालीमार एकतरफा स्पेशल रेलसेवा 28 अक्टूबर, बुधवार को खातीपुरा से सुबह 07.40 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 19.00 बजे शालीमार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, खेड़ली, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर, खड़गपुर और सांतरागाछी स्टेशनों पर होगा।

इस रेलसेवा में कुल 18 डिब्बे होंगे। इनमें 01 सेकंड एसी, 04 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पावरकार, 01 पेंट्रीकार और 01 गार्ड डिब्बा शामिल हैं।

इसी दिन गाड़ी संख्या 08182 खातीपुरा–टाटानगर एकतरफा स्पेशल रेलसेवा भी संचालित होगी। यह ट्रेन 28 अक्टूबर, बुधवार को खातीपुरा से शाम 19.50 बजे रवाना होकर शुक्रवार को रात 02.30 बजे टाटानगर पहुंचेगी। मार्ग में इस रेलसेवा का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, खेड़ली, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया और चांडिल स्टेशनों पर होगा।

खातीपुरा–टाटानगर स्पेशल रेलसेवा में कुल 16 डिब्बे होंगे। इनमें 01 थर्ड एसी, 03 थर्ड एसी इकोनॉमी, 08 द्वितीय शयनयान, 02 साधारण श्रेणी, 01 पावरकार और 01 गार्ड डिब्बा शामिल हैं।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को ध्यान में रखते हुए संचालित की जा रही इन दोनों एकतरफा स्पेशल रेलसेवाओं से खातीपुरा से शालीमार और टाटानगर जाने वाले यात्रियों को रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

Tags: