राजस्थान: DGP राजीव कुमार शर्मा ने जालोर में की समीक्षा, FIR दर्ज करने के निर्देश
डीजीपी ने मादक पदार्थों की रोकथाम, हार्डकोर अपराधियों पर शिकंजा कसने और थानों में पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता बरतने की बात कही।
जयपुर, 17 सितम्बर। पुलिस महानिदेशक राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने जालोर में अपराध और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, हार्डकोर अपराधियों पर सख्त नियंत्रण और संज्ञेय अपराध में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। डीजीपी श्री शर्मा अपने जालोर जिले के एक दिवसीय भ्रमण के तहत जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इसके बाद पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में डीजीपी ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जालोर की भौगोलिक परिस्थितियों, अपराध की स्थिति और कानून-व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में डीजीपी श्री शर्मा ने मादक पदार्थों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर इस नेटवर्क पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई, हार्डकोर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा महिला एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के प्रावधानों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और अपराध घटित होने पर पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की देरी नहीं हो।
डीजीपी ने पुलिस थानों में ड्यूटी ऑफिसर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि ड्यूटी ऑफिसर थाने में बैठकर परिवादियों से मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार करें और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि संज्ञेय अपराध घटित होने पर तुरंत प्रकरण दर्ज किया जाए।
उन्होंने यूथ सीएलजी सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण, पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
डीजीपी ने पुलिस थानों, पुलिस लाइन, पुलिस चौकियों एवं कार्यालयों के भवनों के रखरखाव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण के साथ-साथ आमजन के लिए भी थानों में सकारात्मक एवं सुविधाजनक माहौल होना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस मुख्यालय श्री हवासिंह घूमरिया, महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज श्री सत्येंद्र सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस श्री कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस अधीक्षक सीआईडी इंटेलीजेंस जयपुर श्री नरपत सिंह, पुलिस अधीक्षक जालोर श्री शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जालोर श्री मोटाराम सहित समस्त वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों के केंद्र में नशे के अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई, अपराधों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना रहा।