प्रदेश में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बजट घोषणा 2026-27 की क्रियान्विति के तहत प्रदेश के 187 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 3232 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग लगभग 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश में 6,418.43 किलोमीटर लंबाई की मिसिंग लिंक और नॉन-पेचेबल सड़कों का निर्माण कराएगा। इस निर्णय से उन क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा जहां अब तक सड़क संपर्क कमजोर रहा है।

इस स्वीकृति के तहत जयपुर ग्रामीण के 17 विधानसभा क्षेत्रों में 185.24 करोड़ रुपये की लागत से 379 किलोमीटर लंबाई की 269 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत बनाना तथा आवागमन को अधिक सुगम करना है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में नॉन-पेचेबल एवं मिसिंग लिंक सड़कों के 3,232 विकास कार्यों के लिए लगभग 2,101.16 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदेश में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने, आवागमन को आसान बनाने तथा विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत अवसंरचना को सशक्त बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क पहुंचाने और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इस निर्णय के माध्यम से प्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।

Tags: