शिक्षक दिवस पर 15वें प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड में 148 शिक्षकों का होगा सम्मान
शिक्षक दिवस 2026 पर जयपुर में प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड के 15वें संस्करण में शिक्षकों और सात वरिष्ठ शिक्षाविदों का सम्मान होगा।
तस्वीर में पांच लोग प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड 2026 के पोस्टर थामे खड़े हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं शिक्षाविदों के सम्मान में प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड 2026 के 15वें संस्करण का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह थार सर्वोदय संस्थान, सिम्पली जयपुर एवं रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होगा।
आयोजक सोमेन्द्र हर्ष ने बताया कि प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड का 15वां संस्करण शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत, समर्पण और उपलब्धियों को सम्मान देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि समाज के भविष्य का निर्माण करने वाले मार्गदर्शक होते हैं। वे विद्यार्थियों में ज्ञान विकसित करने के साथ उन्हें प्रेरित करते हैं और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं।
इस वर्ष प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड समारोह में प्री-स्कूल, सरकारी एवं निजी विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की अलग-अलग श्रेणियों से कुल 141 शिक्षकों को प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड 2026 प्रदान किया जाएगा। इनमें राजस्थान के जयपुर के 68 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा जोधपुर, अजमेर, बाड़मेर, सिरोही, पाली, भीलवाड़ा, ब्यावर, करोली, सीकर, किशनगढ़, लक्ष्मणगढ़, हनुमानगढ़, जैसलमेर और जालोर से लगभग 46 शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त दिल्ली, लखनऊ, वृन्दावन, छत्तीसगढ़ और बहरोड़ से लगभग 27 शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के समर्पण, उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को रेखांकित करेगा।
आयोजक रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट के ट्रस्टी सुधीर माथुर ने बताया कि इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित करने वाले सात वरिष्ठ शिक्षकों को विशेष रूप से माला माथुर मेमोरियल “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन एजुकेशन” से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है, जिन्होंने वर्षों तक ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस वर्ष प्रो. बी.के. शर्मा, डॉ. दीपक सक्सेना, डॉ. रश्मि पाटनी, डॉ. जयश्री भार्गव, श्रीमती अनुराधा टंडन, डॉ. सिद्धार्थ मोथड़िया एवं श्रीमती लवलीना सोगानी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजक थार सर्वोदय संस्थान की ट्रस्टी अंशु हर्ष ने बताया कि प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड का उद्देश्य उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जो अपने ज्ञान, समर्पण और निरंतर प्रयासों से विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विशेष रूप से ऐसे वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपना जीवन शिक्षा और नई पीढ़ी को ज्ञान देने के लिए समर्पित किया है।
समारोह को विशेष बनाने के लिए स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। ये प्रस्तुतियां शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों की कृतज्ञता, सम्मान और स्नेह को अभिव्यक्त करने के साथ समारोह की गरिमा भी बढ़ाएंगी।
प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवॉर्ड पिछले 15 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और प्राचार्यों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण मंच बना हुआ है। 15वें संस्करण के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा जगत के समर्पित कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जाएगा।