तस्वीर में जयपुर के अधिकारी स्वच्छता अभियान के वाहनों को हरी झंडी दिखा रहे हैं।

मानसून के बाद जयपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर का विशेष महास्वच्छता अभियान पूरी गति से आगे बढ़ रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा की पहल पर आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ अभियान के तहत गुरुवार को चौथे चरण में झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में 1500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं ने मोर्चा संभाला और एक ही दिन में 500 टन से अधिक कचरे का निस्तारण कर शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में कार्रवाई की।

अभियान का शुभारंभ प्रातः 7 बजे अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेंद्र कुमार बंसल ने चित्रकूट स्टेडियम से स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वास्थ्य श्री ओम ठानवी, उपायुक्त झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन उपायुक्त पवन कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 7 सितंबर तक 6 चरणों में विभिन्न जोन में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे कम समय में प्रभावी सफाई सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने आमजन से अपील की कि शहर को स्वच्छ रखने में सभी अपना योगदान दें। जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए खुले में कचरा न फेंकें और घर पर आने वाले हूपर में ही कचरा डालें।

गुरुवार को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन क्षेत्र में स्वच्छता योद्धाओं और मशीनरी की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाया। जगह-जगह बने ओपन कचरा डिपो को जेसीबी एवं डंपर की सहायता से हटाया गया। जलभराव एवं जलनिकासी वाले स्थानों पर सुपर सकर सहित अन्य संसाधनों का भी उपयोग किया गया।

वैशाली नगर जोन में 26 संसाधनों तथा झोटवाड़ा में 36 संसाधनों के माध्यम से कचरा उठाया गया। इसके तहत 7 जेसीबी, 20 ट्रैक्टर ट्रॉली, 16 हूपर, 3 जटायु तथा 5 डंपर-लोडर के माध्यम से सफाई करवाई गई। तीन फॉगिंग मशीनों से कीटनाशक छिड़काव भी कराया गया। इसके साथ ही 25 खाली पड़े प्लॉटों में भी मशीनरी एवं सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई की गई।

अब अगले चरण में 5 सितंबर को सिविल लाइंस एवं आदर्श नगर जोन तथा 7 सितंबर को जगतपुरा, झालाना एवं मालवीय नगर जोन में महास्वच्छता अभियान पहुंचेगा। अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेंद्र कुमार बंसल ने बताया कि इन क्षेत्रों में प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Tags: