ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ पुलिस ने ड्रग्स तस्करों की 70 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज कर कसा शिकंजा

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने दो ड्रग्स तस्करों की 70 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज कर आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया।

Update: 2026-07-08 13:13 GMT

राजस्थान पुलिस द्वारा नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी कर दिए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री बी. आदित्य के निर्देशन में थाना कोटड़ी पुलिस ने लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों अकबर खान और नय्युम खान की चल एवं अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने एमडीएमए, ब्राउन शुगर तथा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई थी। इसके बाद थाना प्रभारी कोटड़ी श्री रोहित कुमार ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की सक्षम प्राधिकारी को भेजा, जिसे स्वीकार करते हुए फ्रीजिंग नोटिस जारी किए गए।

यह कार्रवाई वर्ष 2025 में दर्ज एक एनडीपीएस प्रकरण की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई। 31 अक्टूबर 2025 को थाना हथुनिया पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी अकबर खान को 2.227 किलोग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। अनुसंधान में खुलासा हुआ कि यह मादक पदार्थ नय्युम खान को पहुंचाया जाना था, जिसके बाद अप्रैल 2026 में उसे भी गिरफ्तार किया गया। आगे की वित्तीय जांच में दोनों आरोपियों की संदिग्ध संपत्तियों का खुलासा हुआ।

जांच में पाया गया कि आरोपी अकबर खान ने कोटड़ी में अपने नाम पर 5 बीघा आबादी भूमि खरीदी थी, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। वहीं नय्युम खान ने अपने नाम पर 2 बीघा भूमि खरीदी थी, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस जांच के अनुसार दोनों संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई थीं। दोनों संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 70 लाख रुपये है।

सक्षम प्राधिकारी द्वारा फ्रीजिंग नोटिस जारी होने के बाद थाना कोटड़ी पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगा दिए हैं तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भी सूचित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों तथा ऐसे अपराधियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त और फ्रीज कर उनके आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करना भी है।

Tags:    

Similar News