तस्वीर में जयपुर के सिटी पार्क में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पावरग्रिड के अधिकारी और कलाकार समूह में नजर आ रहे हैं।

जयपुर, 2 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड), विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न सीपीएसई के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रीय मुख्यालय, जयपुर की ओर से राजधानी के सिटी पार्क में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सफाई व्यवस्था, जिम्मेदार कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और कचरे के उचित निस्तारण के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर श्री डी.के. जवेरी, कार्यपालक निदेशक (उत्तर पश्चिमी क्षेत्र) सहित पावरग्रिड के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

पावरग्रिड की इस पहल को उपस्थित नागरिकों ने सराहा और स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Tags: