जयपुर नागरिक सुरक्षा विभाग को मिले अत्याधुनिक उपकरण, बचाव कार्य होंगे तेज
जिला कलक्टर संदेश नायक ने नागरिक सुरक्षा विभाग को वॉकी-टॉकी, इमरजेंसी लाइट्स और सेफ्टी हार्नेस सौंपे, ताकि आपदा के दौरान त्वरित समन्वय संभव हो सके।
जयपुर में जिला कलक्टर कार्यालय के भीतर अधिकारियों को उपकरण सौंपते संदेश नायक।
जयपुर जिला प्रशासन ने नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बचाव कार्यों के लिए अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए हैं। जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक ने 01 अक्टूबर को नागरिक सुरक्षा गतिविधियों के तहत बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपकरणों की श्रृंखला नागरिक सुरक्षा विभाग को सौंपी।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने नागरिक सुरक्षा विभाग को 16 वॉकी-टॉकी सेट, 5 इमरजेंसी लाइट्स तथा 2 फुल बॉडी सेफ्टी हार्नेस प्रदान किए। इन उपकरणों के उपलब्ध होने से आपदा या किसी भी आपातकालीन स्थिति में बचाव कार्यों के दौरान आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि आपदा या किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित और समन्वित बचाव कार्य अत्यंत आवश्यक है। वॉकी-टॉकी सेट से टीमों के बीच निर्बाध संचार सुनिश्चित होगा, जबकि इमरजेंसी लाइट्स रात्रि एवं अंधेरे में राहत कार्यों में सहायता करेंगी।
उन्होंने बताया कि फुल बॉडी हार्नेस से ऊंचाई पर कार्य करने वाले स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। नागरिक सुरक्षा गतिविधियों के तहत उपलब्ध कराए गए इन उपकरणों का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना और संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।