SBI जयपुर मंडल ने गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण की शुरुआत की
मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी के नेतृत्व में बैंक कर्मियों ने नेहरू गार्डन में सफाई की, पौधे लगाए और लोगों को कपड़े के थैले बांटे।
जयपुर के नेहरू गार्डन में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान चलाते भारतीय स्टेट बैंक के लोग।
जयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल ने राजस्थान भर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ जयपुर स्थित नेहरू गार्डन में स्वच्छता अभियान के साथ हुआ।
भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) श्री ओंकार नाथ चौधरी ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नेहरू गार्डन में सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उद्यान परिसर की साफ-सफाई की गई। साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘नो प्लास्टिक, गो ग्रीन’ के संदेश को प्रोत्साहित करते हुए पार्क में आने वाले नागरिकों को कपड़े के थैले वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में GM श्री मनीष सिंघल, श्री कुमार रोहित, श्री रजनीश कुमार, DGM (CDO) सुश्री रीता राजोरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, DGM एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक श्री ओंकार नाथ चौधरी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
भारतीय स्टेट बैंक, जयपुर मंडल द्वारा राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, हरित पर्यावरण, प्लास्टिक मुक्त समाज और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करने का प्रयास किया जाएगा। गांधी जयंती पर शुरू हुआ यह अभियान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ है।