नकली सोने को असली बताकर सात लाख रुपये की ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का नागौर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बीकानेर जिले के लूणकरणसर से गैंग के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने देशी गाय का घी खरीदने के बहाने पहले पीड़ित से संपर्क बढ़ाया, फिर धर्म का भाई बनकर जमीन से सोना मिलने की कहानी सुनाई और असली सोने का नमूना दिखाकर सात लाख रुपये ठग लिए। पुलिस की जांच में राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भी इसी तरीके से वारदातें करने का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार पुत्र मांगीलाल (29) निवासी बागरा और मूलाराम पुत्र मोडाराम (43) निवासी भीनमाल, जिला जालौर के रूप में हुई है। दोनों को बीकानेर जिले के लूणकरणसर से दस्तयाब करने के बाद अनुसंधान के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने नागौर में सात लाख रुपये की ठगी के साथ ही राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में धोखाधड़ी से जुड़े अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में वृताधिकारी नागौर जतिन जैन के सुपरविजन तथा कोतवाली थानाधिकारी नन्दलाल रिणवां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, फील्ड इंटेलिजेंस और आसूचना संकलन के आधार पर मामले का खुलासा किया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने संदिग्ध रूट पर लगे 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और निगरानी के बाद दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें लूणकरणसर, बीकानेर से गिरफ्तार किया गया।

मामले के अनुसार, परिवादी पृथ्वीसिंह निवासी भाकरोद, थाना खींवसर ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 23 सितंबर 2026 को वह किसी काम से गांधी चौक, नागौर आया था। इसी दौरान दो व्यक्ति उससे मिले। उन्होंने परिवार में डिलीवरी होने का हवाला देते हुए देशी गाय का घी खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद 26 सितंबर को परिवादी ने लक्ष्मी तारा सिनेमा हॉल के सामने दोनों व्यक्तियों को घी दिया।

घी खरीदने के बाद आरोपियों ने परिवादी से नजदीकी बढ़ाई और उसे अपनी बातों में उलझाकर विश्वास हासिल किया। बाद में दोनों व्यक्ति परिवादी की मोटरसाइकिल पर बैठकर उसे मूण्डवा चौराहे से मानासर की ओर एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने बताया कि वे जमीन की खुदाई और कमठे का काम करते हैं तथा उन्हें खुदाई के दौरान जमीन से सोना मिला है। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने परिवादी को सोने का एक छोटा नमूना दिया। परिवादी ने उसकी जांच करवाई तो वह असली निकला।

नमूने के असली पाए जाने के बाद आरोपियों ने ठगी की अगली चाल चली। उन्होंने 29 सितंबर को दोपहर करीब 1:50 बजे परिवादी को सात लाख रुपये और घी लेकर बुलाया। परिवादी जब सात लाख रुपये लेकर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे सोने के आइटम से भरी एक थैली थमा दी। इसके बाद सात लाख रुपये लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में परिवादी को ठगी का पता चला।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। वे फूल और कांच बेचने वालों के रूप में अलग-अलग शहरों में घूमते हैं और भोले-भाले लोगों से संपर्क स्थापित कर उनका विश्वास जीतते हैं। इसके बाद जमीन की खुदाई में सोना मिलने की कहानी सुनाते हैं। असली सोने का नमूना दिखाकर नकली सोने को असली बताते हैं और कम कीमत पर सोना देने का लालच देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं।

जांच में गैंग के सदस्यों की राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर मौजूदगी भी सामने आई है। जून से नवंबर 2026 तक इनके श्रीगंगानगर, अजमेर, ब्यावर, पाली, जोधपुर, जयपुर, नागौर, डीडवाना, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और बीकानेर सहित कई स्थानों पर सक्रिय रहने की जानकारी मिली है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात में भी इनकी गतिविधियां सामने आई हैं।

पुलिस को आशंका है कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में इस गैंग से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद दो आरोपियों की गिरफ्तारी से सामने आई इस ठगी की कार्यप्रणाली ने अंतरराज्यीय स्तर पर गैंग की गतिविधियों को उजागर किया है।

Tags: