जयपुर एयरपोर्ट पर बनेगा नया स्टेट टर्मिनल भवन, पहले चरण में 19.62 करोड़ होंगे खर्च
राजस्थान में हवाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 52.35 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल का निर्माण होगा, जिससे वीआईपी आवागमन और कनेक्टिविटी सुगम होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर एयरपोर्ट के नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे हैं।
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर हवाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार, 12 नवम्बर को जयपुर एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार बेहतर समन्वय के साथ काम कर रही हैं। हवाई, रेल और सड़क परिवहन के विकास से प्रदेश में कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है तथा आमजन, उद्योगों और पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास में परिवहन सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से डबल इंजन की सरकार राजस्थान में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने और आवागमन को सुगम करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का भूमि पूजन प्रदेश में हवाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशवासियों को बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए कोटा, किशनगढ, बाड़मेर और बीकानेर में हवाई संपर्क का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने इसी वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। इसके निर्माण से हवाई अड्डे की यात्री क्षमता प्रतिवर्ष 12 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है। वहीं, जयपुर और कोटा के टर्मिनल भी विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, किशनगढ़ हवाई अड्डे और भीलवाड़ा में हमीरगढ हवाई पट्टी पर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) शुरू हो चुके हैं। झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर में एफटीओ की स्थापना के लिए भूमि आवंटित की गई है। इसके साथ ही उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है।
रेलवे और सड़क परिवहन के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए इस वर्ष 10 हजार 228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। प्रदेश में 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के विकास से राजस्थान को विशेष लाभ मिला है। प्रदेश में 1 हजार 192 किलोमीटर लंबाई के एक्सप्रेस-वे का निर्माण हुआ है, जो देश के किसी भी अन्य राज्य से अधिक है। देश के एक चौथाई नेशनल एक्सप्रेस-वे राजस्थान से होकर गुजरते हैं। इसके अतिरिक्त डबल इंजन सरकार प्रदेश में 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कनेक्टिविटी के विकास का उद्देश्य किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा देना, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना, उद्योगों को बेहतर परिवहन व्यवस्था देना और पर्यटकों का राज्य में आवागमन सुगम बनाना है।
नवीन स्टेट टर्मिनल भवन परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस भवन में कार्यालय के अलावा दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
परियोजना के दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की पार्किंग के लिए हैंगर तथा टारमेक का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए ए.ए.आई. ने राज्य सरकार को 12 हजार 778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की है। इस प्रकार परियोजना के दोनों चरणों के माध्यम से स्टेट टर्मिनल की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
भूमि पूजन समारोह से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिला का पूजन कर उसे नींव में स्थापित किया और हवन में पूर्णाहुति दी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसमें नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का प्रतीकात्मक मॉडल, संपूर्ण साइट प्लान तथा ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर के लेआउट प्लान प्रदर्शित किए गए थे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता और प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन नवीन जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।