ब्यावर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर कमल राम मीना ने चौथे चरण के पंचायत चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

ब्यावर। (प्रातःकाल संवाददाता)। पंचायत चुनाव के चतुर्थ चरण के लिए ब्यावर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में अंतिम चरण का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। मतदान अधिकारी के नेतृत्व में दल ईवीएम, मतपत्र और अन्य आवश्यक मतदान सामग्री लेकर परिवहन विभाग द्वारा अधिग्रहित निजी वाहनों से आवंटित केंद्रों तक पहुंचेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार चतुर्थ चरण भाग प्रथम में 14 नवंबर को जिला परिषद के शेष 13 वार्डों तथा मसूदा, बदनौर और रायपुर पंचायत समितियों के 61 वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनावों में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा।

वहीं, 16 नवंबर को 100 ग्राम पंचायतों में 976 सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतपत्रों के माध्यम से चुनाव संपन्न होंगे। मतदान के लिए कुल 360 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शामिल 88 अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

कमल राम मीना ने बताया कि चुनाव व्यवस्था के तहत 42 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही मोबाइल पुलिस पार्टियों की भी तैनाती की गई है। मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र के अलावा 11 वैकल्पिक दस्तावेजों को भी मान्य किया है। चतुर्थ चरण के चुनाव में कुल 3,28,067 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दलों की रवानगी और सुरक्षा इंतजामों के साथ पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।

Tags: