कुचामन सिटी में महिला सुरक्षा का संकल्प मजबूत, 13 महिलाओं का सम्मान
कुचामन सिटी में महिला सुरक्षा संवाद के दौरान पुलिस ने सुरक्षा सेवाओं और कानूनों की जानकारी दी, वहीं 13 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थानभर में संचालित महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कुचामन सिटी में महिला सुरक्षा जागरूकता संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। टैगोर साइंस रेजिडेंशियल सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिदेशक यातायात मालिनी अग्रवाल ने की। कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महानिदेशक मालिनी अग्रवाल, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सुरक्षा संकल्प की नोडल अधिकारी सुनीता मीणा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
महानिदेशक मालिनी अग्रवाल ने उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाते हुए महिला सुरक्षा से जुड़ी पुलिस सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, She-Box, POCSO E-Box, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और महिला बीट अधिकारी योजना सहित महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया। साथ ही छेड़छाड़ एवं स्टॉकिंग जैसे मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सुरक्षा संकल्प की नोडल अधिकारी सुनीता मीणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा के लिए राजस्थान सरकार और पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, जागरूकता एवं जनसहभागिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला वॉलंटियर्स तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से महिला सुरक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सक्रिय महिलाओं के योगदान को पहचान और प्रोत्साहन मिला।
कार्यक्रम में सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, राजीविका समूहों, स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ, शिक्षिकाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गृहिणियों सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला सुरक्षा संवाद ने पुलिस और समाज के बीच सीधे संवाद का अवसर प्रदान किया। महिलाओं को उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं और कानूनों की जानकारी देने के साथ यह संदेश भी दिया गया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा, आरपीएस ऋतु कुमारी, कम्युनिटी शाखा प्रभारी इकबाल खान सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।