राजसमंद में पारंपरिक लाल टोपी और भगवा दुपट्टा पहने बैठे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़।   

जयपुर, 2 अक्टूबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजसमंद प्रवास के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में पहले भी बिखराव हुआ है, वर्तमान में भी बिखराव है और आने वाले समय में भी कांग्रेस में बिखराव होता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है, क्योंकि कांग्रेस के पास न कोई स्पष्ट नीति है और न ही देश को आगे ले जाने की स्पष्ट सोच है।

मदन राठौड़ ने कहा कि जब बिना किसी विचार, नीति और स्पष्ट उद्देश्य के बेमेल गठजोड़ किए जाते हैं तो उनका बिखरना तय होता है। उन्होंने कहा कि “कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा” जैसी स्थिति से कोई राजनीतिक संगठन मजबूत नहीं हो सकता और ऐसे गठजोड़ों का परिणाम अंततः बिखराव के रूप में सामने आता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रवास के दौरान संगठनात्मक विषयों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता किंग मेकर है और पार्टी की नजर सभी योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता किसी कारणवश अब तक दायित्व से वंचित रह गया है, उसे भी उचित समय पर सम्मान और अवसर प्रदान किया जाएगा।

राठौड़ ने कहा कि आज कोई भी समाज भाजपा से नाराज नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को किसी विषय को लेकर नाराजगी है तो उससे संवाद कर उसकी बात सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के दरवाजे सभी राष्ट्र चरित्र से युक्त, राष्ट्र प्रथम की भावना रखने वाले और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत लोगों के लिए हमेशा खुले हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी को एकजुट होकर स्थानीय निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटना है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास योग्य कार्यकर्ताओं की कोई कमी नहीं है, बल्कि यह पार्टी की संगठनात्मक संपन्नता का संकेत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है। इनमें से किसी भी योग्य कार्यकर्ता को पार्टी का प्रत्याशी बनाया जाता है तो वह निश्चित रूप से जनता का विश्वास जीतकर चुनाव में विजयी होगा और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।

Tags: