भरतपुर के रूपवास में 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने संबोधन दिया।  

जयपुर/भरतपुर, 20 नवंबर। युवाओं को शिक्षित बनाना और समाज को नशामुक्त करना राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शिक्षा और संस्कारों से ही युवा आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। यह बात राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को भरतपुर जिले के रूपवास क्षेत्र में बॉकाली मोड़ स्थित मां केला देवी स्टोन क्रेशर परिसर में आयोजित 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम में भी भाग लिया।

राज्यपाल बागडे ने 116 बेटियों के सामूहिक विवाह आयोजन को सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने इसे युवा महोत्सव की संज्ञा देते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। विशेष रूप से मुस्कान के पिता और अन्य आयोजकों के निर्णय की प्रशंसा की, जिन्होंने अपनी बेटी का विवाह भव्य सामूहिक आयोजन के माध्यम से कर गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग का अनुकरणीय संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। विवाह समारोहों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर रोक लगाकर उस धनराशि का उपयोग बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किया जाना चाहिए। माता-पिता को अपने बेटे-बेटियों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देकर इस योग्य बनाना चाहिए कि वे भविष्य में रोजगार, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन सकें तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारवान युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं।

भारतीय संस्कृति में विवाह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन है। उन्होंने शादियों में दिखावे और अनावश्यक खर्च से बचने तथा सादगीपूर्ण आयोजनों को बढ़ावा देने की अपील की।

समारोह में नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने कहा कि दांपत्य जीवन में आपसी समझ, प्रेम, विश्वास और धैर्य का विशेष महत्व है। पति-पत्नी में से किसी एक को क्रोध आने पर दूसरे को शांत रहकर परिस्थिति संभालनी चाहिए। इससे परिवार में प्रेम और सौहार्द बना रहता है। उन्होंने सभी 116 नवदंपतियों के सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

राज्यपाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी की क्षमता, प्रतिभा और भविष्य को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने पड़ोसी देश की ओर से मादक पदार्थों के माध्यम से भारतीय युवाओं को कमजोर करने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों और युवाओं से अपने गांव, मोहल्ले तथा आसपास के क्षेत्रों को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि परिवार, समाज और सामाजिक संगठनों को आगे आकर युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। सामूहिक विवाह के मंच से दिया गया शिक्षा, सादगी और नशामुक्ति का यह संदेश सामाजिक सहभागिता के जरिए राष्ट्र निर्माण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करता है।

Tags: