मन की बात से सुमेरपुर तक जोराराम कुमावत का आह्वान, ₹64 लाख सड़क का लोकार्पण

जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर में ₹64 लाख सड़क का लोकार्पण कर ‘मन की बात’ सुनी और हरियालो राजस्थान अभियान में भाग लिया।

Update: 2026-07-27 08:18 GMT

तस्वीर में केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत सुमेरपुर में 'हरियालो राजस्थान' महाअभियान के कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।

पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर के प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और सामाजिक अभियानों में भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने ₹64 लाख की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया, पर्यावरण संरक्षण अभियान में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सुना।

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने सुमेरपुर में नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आह्वान को जीवन में अपनाने की बात कही।

इस अवसर पर श्री कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं है, बल्कि यह पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जिन विषयों पर ध्यान आकर्षित किया है, वे दैनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण से सीधे जुड़े हैं।

श्री कुमावत ने कहा कि जल संरक्षण, हमारी अनमोल विरासत का सम्मान और लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने जैसे विषय देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि सभी का कर्तव्य है कि प्रधानमंत्री जी के विचारों को केवल सुनें नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारें। उन्होंने सुमेरपुर को स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

₹64 लाख की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण

कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने दौरे की शुरुआत ग्राम पंचायत पोमावा से की, जहां उन्होंने राज्य सड़क निधि योजना (वर्ष 2022-23) के अंतर्गत निर्मित 3 किलोमीटर लंबी सड़क का फीता काटकर लोकार्पण किया। ₹64 लाख की लागत से बनी यह सड़क पोमावा से हनुमान जी मंदिर तक कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगी।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री श्री कुमावत का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सड़कों के जाल को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

'हरियालो राजस्थान' अभियान में पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान ‘हरियालो राजस्थान’ के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में भाग लिया। उन्होंने राजकीय जनजातीय आवासीय विद्यालय, सुमेरपुर के परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।

इसके बाद वन विभाग (पाली रेंज, सुमेरपुर) की ओर से ग्राम पंचायत दुजाना के वन खंड ‘कालाभाखर’ में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी मंत्री कुमावत शामिल हुए।

इस दौरान श्री कुमावत ने कहा कि हमारी प्रकृति और हमारी माता, दोनों ही जीवन का आधार हैं। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत चलाया जा रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इन दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे पवित्र जरिया है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ हमारा पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति हमें जीवनदायिनी हवा, जल और आश्रय देती है। लगातार बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन से निपटने का एकमात्र रास्ता केवल और केवल वृक्षारोपण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि मानसून सत्र में अपनी माता जी के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी सुरक्षा व देखरेख का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि एक संतान की तरह उसकी देखभाल करना भी जरूरी है। धरती माँ को फिर से हरी-भरी चुनर ओढ़ाने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने का आह्वान किया।

इस दौरान एसडीएम कालूराम कुम्हार, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, सुमेरपुर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अनोप सिंह, फूलाराम सुथार, नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, बांकली मण्डल अध्यक्ष हनुंवत सिंह राजपुरोहित, संभाग अध्यक्ष सुमेर सिंह राणावत, सांडेराव मण्डल के महामंत्री मुकेश मोदी, दुजाना के प्रशासक नागेश देवासी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शंकर सिंह राजपुरोहित काकू, पन्नालाल, सांडेराव के वरिष्ठ आरएसएस कार्यकर्ता भूराराम कुमावत, बांकली मण्डल के सोशल मीडिया संयोजक इंद्र सिंह जाखोड़ा, मंत्री हुंगर सिंह, सहायक वन रक्षक ऋषिराज, पोमावा के प्रशासक गोविंद सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष गौरव राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

Tags:    

Similar News