मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएम आवास पर मनाई दीवाली, लोगों से की रामा-श्यामा
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सीएम भजनलाल शर्मा से मिलकर दीपोत्सव की शुभकामनाएं साझा कीं।
मुख्यमंत्री आवास पर स्नेह मिलन समारोह के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा के साथ मौजूद लोग।
जयपुर, 10 नवम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे लोगों के साथ दीपावली की रामा-श्यामा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे। समारोह में लोगों का उत्साह और मुख्यमंत्री के प्रति आत्मीयता देखने को मिली।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह में पहुंचे सभी लोगों का गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ अभिवादन स्वीकार किया तथा उन्हें दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित लोगों से सहज संवाद कर दीपावली की खुशियां साझा कीं और उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस स्नेह मिलन समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन की मौजूदगी ने समारोह को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली के अवसर पर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।