जयपुर में शहरी सेवा शिविरों की रफ्तार तेज, 18 जून को नगर निकायों में लगेंगे विशेष समाधान शिविर
जयपुर में शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत 18 जून को विभिन्न नगर निकायों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जन्म-मृत्यु पंजीयन से लेकर पट्टा व निर्माण स्वीकृति तक कई सेवाओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा, जानिए किन क्षेत्रों में होंगे आयोजन।
राजधानी जयपुर में शहरी नागरिकों को घर के नजदीक ही विभिन्न सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर-2026 का व्यापक अभियान जारी है। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट-2 के अनुसार, 18 जून को जिले के विभिन्न नगर निकायों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आमजन की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जाएगा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक शहरी सेवा शिविरों का संचालन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना तथा नागरिक सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है।
इन शिविरों में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, मोबाइल टावर एनओसी और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित कई महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही पट्टों, उपविभाजन- पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति और लीज मुक्त प्रमाण पत्र जैसे लंबित मामलों का भी मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
शहरी सेवा शिविरों के दौरान शहरों में सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नालियों एवं सीवर लाइनों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आवारा पशुओं को पकड़ने जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदन स्वीकार कर स्वीकृतियां भी जारी की जा रही हैं, साथ ही सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि 18 जून को बगरू नगर पालिका के वार्ड 7 एवं 8, बस्सी के वार्ड 7 एवं 8, चाकसू के वार्ड 1 से 35 तथा चौमूं नगर परिषद के वार्ड 1, 2 और 40 से 45 में शिविर आयोजित होंगे। इसी क्रम में दूदू के वार्ड 7 एवं 8, जमवारामगढ़ के वार्ड 6 से 10, जोबनेर के वार्ड 4 स्थित अम्बेडकर भवन, कालाडेरा के वार्ड 4 नगर पालिका कार्यालय, कानोता के वार्ड 4, खेजरोली के वार्ड 7 एवं 8 नगर पालिका कार्यालय, किशनगढ़-रेनवाल के वार्ड 32 एवं 33 सामुदायिक भवन, मनोहरपुर के वार्ड 7 एवं 8, नरायना के वार्ड 7 एवं 8 नगर पालिका कार्यालय परिसर, फागी के वार्ड 4 नगर पालिका कार्यालय, फुलेरा के वार्ड 4 एवं 5 सामुदायिक भवन, सांभर लेक के वार्ड 20 नगर पालिका कार्यालय तथा शाहपुरा नगर परिषद के वार्ड 16, 17, 47 एवं 48 नगर परिषद भवन में तथा वार्ड 4, 5 एवं 6 के लिए सामुदायिक केंद्र वाटिका में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी सेवाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही प्राप्त करें। ये शिविर शहरी प्रशासन और नागरिकों के बीच त्वरित समाधान एवं पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।