जयपुर जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 की नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 27 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन जिले के 19 नगरीय निकायों में कुल 48 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जबकि 39 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए।

जयपुर जिले के नगरीय निकायों में कुल 690 वार्डों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पहले दिन सबसे अधिक नामांकन जयपुर नगर निगम में दाखिल हुए, जहां 11 अभ्यर्थियों ने कुल 13 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

इसके अलावा चौमू में 7, शाहपुरा में 4, बगरू में 4, चाकसू में 10, जमवारामगढ़ में 2, मनोहरपुर में 5, फागी में 2 तथा कानोता में 1 नामांकन पत्र दाखिल किया गया।

जयपुर जिले के जयपुर, चौमू, शाहपुरा, बगरू, बस्सी, चाकसू, दूदू, जमवारामगढ़, जोबनेर, कालाडेरा, कानोता, किशनगढ़-रेनवाल, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायना, फागी, फुलेरा, सांभर तथा वाटिका सहित संबंधित नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन प्राप्त किए जा रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया और तेज होगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदेश नायक ने नामांकन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपादित कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। निर्वाचन अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नामांकन के पहले ही दिन 48 नामांकन पत्र दाखिल होने के साथ जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब आगामी दिनों में दाखिल होने वाले नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ चुनाव मैदान की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Tags: