एक अक्टूबर को जयपुर में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री करेंगे युवा संवाद
जयपुर में एक अक्टूबर को ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम होगा। भवानी निकेतन महाविद्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा युवाओं से संवाद करेंगे और नशामुक्ति की शपथ दिलाएंगे।
तस्वीर में जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और हितधारकों की बैठक आयोजित हो रही है।
जयपुर में एक अक्टूबर को युवाओं की भागीदारी वाला ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजस्थान सरकार के सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा हो प्रभु सेवा’ के अंतर्गत होने वाला यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे भवानी निकेतन महाविद्यालय परिसर, सीकर रोड, जयपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें नशामुक्ति की शपथ दिलाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में संबंधित हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम में करीब दस हजार युवाओं की सशक्त भागीदारी होगी।
कार्यक्रम के दौरान लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन किया जाएगा। नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक, माय भारत पोर्टल पर नशामुक्ति क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ, प्रतिभा/खेल मित्र एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ और एशियाई खेल विजेताओं का सम्मान भी होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री का ‘युवा संवाद’, नशामुक्ति शपथ और उद्बोधन होगा। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर ‘सेवा के रंग-नशामुक्त युवा’ थीम पर आधारित मांडना रंगोली का निर्माण भी किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से इसी थीम पर मानव श्रृंखला का आयोजन होगा।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय दल, सुरक्षा, स्वच्छता, दमकल, चल शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्य करने वाले गैर सरकारी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में युवाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा।
बैठक में आईएएस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस आयोजन में युवा संवाद, नशामुक्ति जागरूकता और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।