जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में 119 रिक्त उचित मूल्य दुकानों के लिए जिला प्रशासन ने विज्ञप्ति-2026 जारी कर दी है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने जिला रसद कार्यालय जयपुर द्वितीय के क्षेत्राधीन रिक्त उचित मूल्य दुकानों के लिए यह विज्ञप्ति जारी की है। यह प्रक्रिया वर्ष 2023 में अपूर्ण रही विज्ञप्ति को पूर्ण करने और विभागीय दिशा-निर्देश 17.03.2016 के अनुपालन में शुरू की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2023 में जारी विज्ञप्ति की प्रक्रिया उस समय कोर्ट स्टे के कारण पूरी नहीं हो सकी थी। विज्ञप्ति के दौरान जिला कोटपूतली-बहरोड जयपुर जिले में सम्मिलित था। कोर्ट स्टे खारिज होने के बाद खाद्य विभाग ने वर्ष 2023 की विज्ञप्ति को विधिवत समाप्त कर नए सिरे से विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद अब इस प्रक्रिया को विज्ञप्ति-2026 के नाम से संबोधित किया जाएगा।

विभागीय निर्देशों की अनुपालना में जिला कोटपूतली-बहरोड के लिए वर्ष 2023 में उस समय प्राप्त किए गए आवेदन पत्र जिला रसद कार्यालय कोटपूतली-बहरोड को भेज दिए गए हैं। वहीं, जयपुर जिला ग्रामीण के लिए शेष 119 रिक्त उचित मूल्य दुकानों के संबंध में नई विज्ञप्ति जारी की गई है।

विज्ञप्ति के तहत आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क पोस्टल ऑर्डर के माध्यम से जमा किया जाएगा। आवेदन पत्र जिला रसद कार्यालय जयपुर द्वितीय के कमरा नंबर 46 से प्राप्त किए जाएंगे।

वर्ष 2023 में जिन आवेदकों ने पोस्टल ऑर्डर के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा किया था, उन्हें इस विज्ञप्ति में विशेष सुविधा दी गई है। ऐसे आवेदकों को पूर्व में प्रस्तुत पोस्टल ऑर्डर की रसीद पेश करने पर विज्ञप्ति-2026 के लिए आवेदन पत्र निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्ष 2023 की विज्ञप्ति में आवेदन करने वाले ऐसे आवेदक, जिन्होंने अब निर्धारित 45 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर ली है, उन्हें विभागीय निर्देशों के अनुसार इस विज्ञप्ति में आयु सीमा में छूट प्रदान की गई है। आवेदन पत्र के साथ विस्तृत दिशा-निर्देश और अहर्ताएं संलग्न हैं।

इस तरह वर्ष 2023 में कोर्ट स्टे के कारण अधूरी रही उचित मूल्य दुकानों की प्रक्रिया को समाप्त कर नए सिरे से विज्ञप्ति-2026 के तहत जयपुर ग्रामीण की 119 रिक्त दुकानों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है।

Tags: