जयपुर में नीले-सफेद गुब्बारों से सजे प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के सामने खड़े अधिकारी।   

जयपुर, 06 अक्टूबर 2026। करधनी शॉपिंग सेंटर, मालवीय नगर, जयपुर में मंगलवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का शुभारम्भ माननीय सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक के कर-कमलों से किया गया। कार्यक्रम में शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने संबोधित किया। सीईओ, पीएमबीआई डॉ. शांतनु कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की शुरुआत मरीजों की बढ़ती मांग को देखते हुए आमजन को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

सहकारिता राज्य मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र पर वर्तमान में 1200 से अधिक प्रकार की दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। आमजन की आवश्यकता को देखते हुए शीघ्र ही इनकी संख्या बढ़ाकर 2000 तक किए जाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केन्द्र पर उपलब्ध दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स बाजार में प्रचलित कीमतों की तुलना में लगभग 50 से 80 प्रतिशत तक कम दरों पर उपलब्ध हैं। इससे आमजन एवं मरीजों को उपचार के दौरान होने वाले दवा खर्च में राहत मिलेगी।

श्री दक ने कहा कि अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र संचालित होने से मरीजों एवं उनके परिजनों को दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल से उपलब्ध नहीं हो पाने वाली दवाइयां भी केन्द्र पर किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी।

शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा दवाइयां जेनेरिक नाम से ही प्रिस्क्राइब किए जाने पर जोर दिया जाना चाहिए, ताकि मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स गुणवत्ता संबंधी निर्धारित सभी मापदण्डों को पूरा करने के उपरान्त ही बाजार में उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जेनेरिक दवाइयों की गुणवत्ता एवं प्रभाव संबंधित साल्ट वाली ब्राण्डेड दवाइयों के समान ही होता है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि जेनेरिक दवाइयों की कीमत अपेक्षाकृत कम होने का प्रमुख कारण इनके विपणन एवं ब्राण्डिंग पर होने वाले व्यय तथा आपूर्ति श्रृंखला में विभिन्न स्तरों पर देय कमीशन आदि का कम होना है। इससे गुणवत्तापूर्ण दवाइयां आमजन को कम कीमत पर उपलब्ध कराना संभव होता है।

भारत सरकार से पधारे जन औषधि के सीईओ, पीएमबीआई डॉ. शांतनु कुमार ने कहा कि जेनेरिक दवाइयों का प्रभाव समान साल्ट वाली ब्राण्डेड दवाइयों से किसी भी प्रकार कम नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली दवाइयां निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होती हैं।

उन्होंने कहा कि जेनेरिक दवाइयों की कम कीमत का अर्थ उनकी गुणवत्ता में कमी नहीं है, बल्कि इनके विपणन, ब्राण्डिंग एवं वितरण से जुड़े खर्चों में कमी के कारण ये दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध हो पाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की सुविधाओं और यहां उपलब्ध दवाइयों तथा सर्जिकल आइटम्स की जानकारी भी दी गई। केन्द्र की शुरुआत से मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल परिसर में ही किफायती दरों पर दवाइयां एवं सर्जिकल आइटम्स उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।

Tags: