जयपुर में 'वॉर्डवार स्वच्छता उत्सव' अभियान शुरू, निगम ने तय की रणनीति
शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई, अतिक्रमण हटाने और जीवीपी पॉइंट खत्म करने के लिए नगर निगम जयपुर ने 50 फीसदी अतिरिक्त संसाधन तैनात किए हैं।
जयपुर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर निगम जयपुर अब शहर के समस्त जोन एवं वार्डों में “वॉर्डवार स्वच्छता उत्सव” आयोजित करेगा। नगर निगम महापौर श्री सुनील कोठारी के निर्देशानुसार “स्वच्छता ही सेवा-2026” एवं “विकसित भारत जन सेवा अभियान” के तहत आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान में वार्ड स्तर पर विशेष सफाई, निगरानी और सौन्दर्यीकरण पर जोर रहेगा।
जयपुर, 06 अक्टूबर। अभियान का उद्देश्य वार्ड स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए आमजन को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके तहत प्रत्येक जोन के उपायुक्त संबंधित वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करेंगे। वार्ड की गलियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य चिन्हित स्थानों की सम्पूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कार्मिक एवं यांत्रिक संसाधन लगाए जाएंगे।
अभियान के दौरान वार्डवार विशेष सफाई अभियान के साथ निरंतर निगरानी की जाएगी। पूर्व चिन्हित GVP (Garbage Vulnerable Points) एवं अन्य गंदगी वाले स्थानों से कचरे का पूर्ण उठाव कराया जाएगा। सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्क रखरखाव, मैनहोल एवं सीएण्डडी वेस्ट से संबंधित कार्यों का चिन्हीकरण किया जाएगा। अभियान से पूर्व चिन्हित स्थलों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। किए गए कार्यों की पूर्व एवं पश्चात की फोटो/वीडियोग्राफी कर रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा।
डिवाइडर/मीडियन सहित प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई कराई जाएगी। वार्डों में पड़े C&D Waste (Construction and Demolition Waste) को हटाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण किया जाएगा। नगर निगम द्वारा अभियान के दौरान स्वच्छता कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ-साथ वार्ड स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
विशेष स्वच्छता अभियान के लिए समस्त जोन उपायुक्तगण अभियान वाले वार्ड में जोन के कुल सफाई कर्मचारियों एवं यांत्रिक संसाधनों का 50 प्रतिशत अथवा आवश्यकतानुसार अधिक संख्या में नियोजित करेंगे। इससे वार्ड की प्रत्येक गली, सड़क एवं सार्वजनिक स्थान की सम्पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान दिवस पर पूर्व चिन्हित समस्त GVP एवं अन्य गंदगी वाले स्थानों से कचरा पूर्णतः हटवाया जाएगा। डिवाइडर/मीडियन आदि रोड के अतिरिक्त क्षेत्र से लीटरपिकिंग सहित क्षेत्र की सम्पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान समस्त जोन के वार्डों में अवस्थित C&D Waste (Construction and Demolition Waste) को हटवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त राजस्व द्वारा समस्त जोनों के अभियान वाले वार्डों में अभियान दिवस पर सार्वजनिक सड़कों एवं स्थलों पर लगे हुए अवैध होर्डिंग/बैनर इत्यादि को हटवाने की कार्यवाही की जाएगी। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अभियान दिवस पर अभियान वाले वार्डों में आवश्यकतानुसार फॉगिंग एवं कीटनाशक दवा छिडकाव करवाना सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिशाषी अभियंता गैराज द्वारा डोर टू डोर कचरा संग्रहण संवेदकों को अभियान दिवस पर समयबद्ध रूप से कार्य किए जाने के लिए पाबंद किया जाएगा। वहीं, उपायुक्त उद्यान द्वारा अभियान दिवस पर अभियान वाले वार्डों के पार्कों एवं पेड़-पौधों की कटाई, छंटाई और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम जयपुर ने आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करने, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की है। जनभागीदारी से ही जयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने का संकल्प साकार किया जा सकता है। “वॉर्डवार स्वच्छता उत्सव” के जरिए वार्ड स्तर पर सफाई, निगरानी, कचरा उठाव, सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था और सौन्दर्यीकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं को एक साथ गति देने पर जोर रहेगा।