जयपुर, 05 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन कर उनके प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समयावधि में पूर्णनिष्ठा के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इसके तहत जिला निर्वाचन शाखा, चुनाव संचालन एवं मॉनिटरिंग प्रकोष्ठ एवं रिटर्निंग अधिकारी प्रकोष्ठ का प्रभारी मेघराज सिंह मीना (अतिरिक्त जिला कलक्टर-द्वितीय एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी) को बनाया गया है।

कार्मिक, मतदान दल गठन, मतगणना दल गठन प्रकोष्ठ तथा निर्देश पुस्तिका प्रकाशन एवं जिला चुनाव संचालन पुस्तिका प्रकोष्ठ का प्रभारी राजीव द्विवेदी (अतिरिक्त जिला कलक्टर-प्रथम) को बनाया गया है। मतदान दलों हेतु पहचान पत्र एवं मतगणना हेतु प्रवेश पत्र जारी करने के प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, चुनाव भण्डार प्रकोष्ठ एवं इवेन्ट मैनेजमेंट प्रकोष्ठ की प्रभारी देवयानी (अतिरिक्त जिला कलक्टर-तृतीय) होंगी।

पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ एवं चुनाव व्यय जांच प्रकोष्ठ की प्रभारी सरिता शर्मा (उप महानिरीक्षक, पंजीयन एवं मुद्रांक) को बनाया गया है। आचार संहिता एवं नियंत्रण कक्ष प्रकोष्ठ तथा डाक मतपत्र प्रकोष्ठ का प्रभारी नरेन्द्र कुमार वर्मा (अतिरिक्त जिला कलक्टर- पूर्व) को बनाया गया है।

परिवहन व्यवस्था प्रकोष्ठ तथा क्षेत्रीय दण्डनायकों एवं सेक्टर ऑफिसर्स की नियुक्ति, क्षेत्र निर्धारण, कानून व्यवस्था, पुलिस डिप्लॉयमेंट एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्र निर्धारण प्रकोष्ठ का प्रभारी युगान्तर शर्मा (अतिरिक्त जिला कलक्टर-जयपुर दक्षिण) को बनाया गया है।

ईवीएम मतपेटी व्यवस्था प्रकोष्ठ, रूटचार्ट एवं नक्शा प्रकोष्ठ तथा मतदान दल डिस्पैच सेन्टर एवं ईवीएम/मतपेटी संग्रहण एवं मतगणना स्थल व्यवस्था प्रकोष्ठ का प्रभारी आशीष कुमार (अतिरिक्त जिला कलेक्टर-चतुर्थ) को बनाया गया है। डीजल पेट्रोल प्रकोष्ठ एवं भोजन एवं रसद व्यवस्था प्रकोष्ठ का प्रभारी प्रियव्रत सिंह चारण (जिला रसद अधिकारी द्वितीय) को बनाया गया है।

मतपत्र व्यवस्था प्रकोष्ठ का प्रभारी सौरभ पालीवाल (कोषाधिकारी) तथा भुगतान एवं लेखा प्रकोष्ठ का प्रभारी मयंक शुक्ला (कोषाधिकारी, ई-कोषालय, वित्त भवन) को बनाया गया है। सांख्यिकी प्रकोष्ठ एवं चिन्हित मतदाता सूची प्रकोष्ठ का प्रभारी बाबूलाल मीणा (संयुक्त निदेशक - आर्थिक एवं सांख्यिकी) को बनाया गया है।

मतदान केन्द्रों पर व्यवस्था, दिव्यांग एवं स्वीप प्रकोष्ठ का प्रभारी राजेन्द्र सिंह (अतिरिक्त जिला कलक्टर-जयपुर उत्तर) को बनाया गया है। मीडिया एवं सोशल मीडिया वॉच प्रकोष्ठ का प्रभारी हेमन्त सिंह (उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क) तथा कम्प्यूटरीकरण प्रकोष्ठ का प्रभारी जितेन्द्र शर्मा (जिला सूचना अधिकारी एन.आई.सी कलेक्ट्रेट) को बनाया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों को समयबद्ध रूप से सम्पन्न करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न प्रकोष्ठों और उनके प्रभारियों की यह व्यवस्था पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव से जुड़े कार्यों के निर्धारित समय में संचालन और समन्वय के लिए लागू की गई है।

Tags: