जयपुर कलेक्ट्रेट में पंचायत चुनाव के चौथे चरण की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक।

जयपुर में पंचायती राज आम चुनाव के चौथे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बुधवार, 04 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी पंचायत समितियों के सदस्य, जिला परिषद सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के चुनावों को सुचारू रूप से संपन्न कराने की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए छाया, पानी, विद्युत, सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल और शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में संदेश नायक ने चुनाव कार्मिकों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के पहले तीन चरण जिस प्रकार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाए गए हैं, उसी तरह चौथे चरण की मतदान प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने दीपावली पर्व से पहले चौथे चरण के चुनाव से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चौथे चरण में चार पंचायत समितियों की कुल 140 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए 446 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें पंचायत समिति बस्सी की 42 ग्राम पंचायतों के 145 मतदान केंद्रों के लिए 351 बैलेट यूनिट और 351 कंट्रोल यूनिट की व्यवस्था की गई है। तूंगा की 24 ग्राम पंचायतों के 74 मतदान केंद्रों के लिए 183 बैलेट यूनिट और 183 कंट्रोल यूनिट रखी गई हैं।

इसी प्रकार जमवारामगढ़ पंचायत समिति की 42 ग्राम पंचायतों के 129 मतदान केंद्रों के लिए 313 बैलेट यूनिट एवं 313 कंट्रोल यूनिट तथा आंधी पंचायत समिति की 32 ग्राम पंचायतों के 98 मतदान केंद्रों के लिए 239 बैलेट यूनिट एवं 239 कंट्रोल यूनिट की व्यवस्था की गई है।

इस तरह चौथे चरण के मतदान के लिए कुल 1,086 बैलेट यूनिट और 1,086 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी आवश्यकता के लिए 194 रिजर्व बैलेट यूनिट और 194 रिजर्व कंट्रोल यूनिट भी रखी गई हैं।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह, एसीईओ साधना शर्मा, डीएसओ प्रियव्रत सिंह सहित विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं और निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ चौथे चरण की मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों पर जोर दिया है।

Tags: