जयपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने निर्वाचन व्यवस्थाओं की कमान संभालते हुए विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मंगलवार, 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए मतदान के दौरान उन्होंने चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी एवं सांगानेर पंचायत समिति क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान संदेश नायक ने मतदान प्रक्रिया के संचालन, मतदाताओं की सुविधाओं, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवधान नहीं होना चाहिए। प्रत्येक मतदाता को सुगमता और निर्भीकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों को भी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

संदेश नायक ने तृतीय चरण के मतदान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग और सहभागिता से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

उन्होंने आगामी 5 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए होने वाले मतदान में भी मतदाताओं से इसी तरह उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और निर्वाचन कार्य में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। आगामी मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी और सुचारू निर्वाचन व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

Tags: