जयपुर के होटल ग्रांड उनियारा में आयोजित समारोह में विजेता प्रतिभागियों को क्राउन पहनाया गया।

जयपुर। जयपुर की आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. संगीता शर्मा ने दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम किया। होटल ग्रांड उनियारा में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें विजेता घोषित कर क्राउन पहनाया गया। इस अवसर पर दिवालिशियस ग्रुप के महिला सशक्तिकरण, नेटवर्किंग और ग्रोथ को समर्पित ‘दिवालिशियस वुमेन ऑफ एक्सीलेंस’ प्लेटफॉर्म का शुभारंभ भी किया गया। समारोह में विभिन्न राज्यों से आई प्रतिभागियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

मिसेज यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के सीईओ नरेश मदान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स ब्यूटी प्रतियोगिता 2026 की चयनित फाइनलिस्ट प्रतिभागियों की क्राउनिंग सेरेमनी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जयपुर की डॉ. संगीता शर्मा को मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026 का विजेता घोषित किया गया।

इसके अलावा तेलंगाना की श्रुति जोईजोड़े को दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स अर्थ 2026, डॉली किरण को मिसेज साउथ इंडिया यूनिवर्स, प्रीति विश्वकर्मा को दिवालिशियस मिसेज सेंट्रल इंडिया, प्रिया राव को मिसेज इंडिया यूनिवर्स उत्तर प्रदेश, शीतल गांधी को मिसेज इंडिया यूनिवर्स गुजरात, नेहा जैन को मिसेज इंडिया यूनिवर्स राजस्थान और रिंकी शाह को दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स तमिलनाडु का खिताब प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को क्राउन और सैश पहनाकर ट्रॉफी तथा गिफ्ट हैंपर्स भेंट किए गए।

क्राउनिंग सेरेमनी से पहले सभी प्रतिभागियों ने फैशन रैंप पर कैटवॉक किया। इस दौरान उन्होंने फैशन डिजाइनर रिया खडोलिया और सान्वी के लेबल स्टिच बाय सान्वी की तैयार की गई इंडो-वेस्टर्न ड्रेस तथा इंटरनेशनल स्कूल ऑफ डिजाइन की डिजाइनर तूलिका वर्मा के निर्देशन में तैयार ईवनिंग गाउन पहनकर अपनी प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों का मेकअप और स्टाइलिंग औरा ग्लैम बाय रुचि शर्मा ने किया। वहीं, कैटवॉक की कोरियोग्राफी राजस्थान ड्रीम्स के डायरेक्टर गौरव प्रताप सिंह और मनीषा सिंह ने की।

समारोह के दौरान ‘दिवालिशियस वुमेन ऑफ एक्सीलेंस’ प्लेटफॉर्म की औपचारिक लॉन्चिंग भी हुई। इसके तहत केरल की श्यामला हलीमा को चीफ पैट्रन और तमिलनाडु की डॉ. सुधा दुत्तीश को ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया गया। डॉ. सुधा को दिवालिशियस मिसेज इंडिया वर्ल्ड 2027 की ब्रांड एम्बेसडर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

वहीं, हिमाचल की असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी शैलजा शर्मा, मिसेज यूरो एशिया 2021 संजुक्ता दास, जयपुर की दीपाली मीना और लखनऊ की सबा अंजुम को फाउंडिंग काउंसिल मेंबर घोषित किया गया। सभी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली के बिजनेस कनेक्ट हब की फाउंडर डॉ. गौरी वर्मा, देव शर्मा, लियो ट्रैवल के डायरेक्टर प्रतीक सहगल, एडवोकेट तुषार शर्मा, रीडिफाइन ट्रेवल्स के फाउंडर स्वर्णप्रीत सिंह और बॉलीवुड फैशन डिजाइनर संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समारोह का संचालन एंकर माधुरी दुर्गाणी ने किया। समारोह में सौंदर्य प्रतियोगिता के साथ महिला सशक्तिकरण, नेटवर्किंग और पेशेवर विकास को बढ़ावा देने वाले नए मंच की शुरुआत भी हुई।

Tags: