जयपुर नगर निगम के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के लिए 15 प्राप्ति स्थल निर्धारित कर दिए हैं। नगर निगम जयपुर के सभी वार्डों में आम चुनाव के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित वार्डों के नामांकन पत्र प्राप्त करने के साथ नामांकन प्राप्ति के बाद निर्वाचन संबंधी समस्त कार्यवाही संपादित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि निर्धारित व्यवस्था के तहत वार्ड संख्या 1 से 10 के लिए कार्यालय रीको रोड नंबर 05, वी.के.आई., सीकर रोड को नामांकन प्राप्ति स्थल बनाया गया है। वार्ड संख्या 11 से 20 के लिए कार्यालय राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, प्लॉट नंबर 370, वी.के.आई. एरिया, मुरलीपुरा निर्धारित किया गया है।

वार्ड संख्या 21 से 30 के लिए कार्यालय उपायुक्त नगर निगम झोटवाड़ा जोन, खिरणी फाटक, झोटवाड़ा, वार्ड संख्या 31 से 40 के लिए शहीद मेजर दिग्विजय सिंह सुमाल राजकीय (अंग्रेजी माध्यम), खातीपुरा तथा वार्ड संख्या 41 से 50 के लिए उपखण्ड कार्यालय, सांगानेर को नामांकन प्राप्ति स्थल निर्धारित किया गया है। वार्ड संख्या 51 से 60 के लिए पंचायत समिति कार्यालय, सांगानेर में नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।

इसी प्रकार वार्ड संख्या 61 से 70 के लिए कमरा नंबर 45, कलक्ट्रेट, वार्ड संख्या 71 से 80 के लिए कार्यालय उपायुक्त नगर निगम जगतपुरा जोन, नन्दपुरी अंडरपास, वार्ड संख्या 81 से 90 के लिए कार्यालय उपायुक्त नगर निगम मालवीय नगर जोन, नई विधानसभा के पास, लालकोठी तथा वार्ड संख्या 91 से 100 के लिए कार्यालय उपायुक्त नगर निगम सिविल लाइंस जोन, टेक्नोलोजी पार्क के पास, शास्त्री नगर को निर्धारित किया गया है।

वार्ड संख्या 101 से 110 के लिए एसीईओ (पंचायत प्रकोष्ठ) कक्ष, जिला परिषद कार्यालय तथा वार्ड संख्या 111 से 120 के लिए कार्यालय नगर निगम पार्ट-2, जलेबी चौक, हवामहल के पीछे नामांकन प्राप्ति स्थल निर्धारित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वार्ड संख्या 121 से 130 के लिए कमरा नंबर 26, कलक्ट्रेट, वार्ड संख्या 131 से 140 के लिए राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मीरा मार्ग, बनीपार्क तथा वार्ड संख्या 141 से 150 के लिए कार्यालय उपायुक्त नगर निगम हवामहल-आमेर जोन, पुराना पुलिस मुख्यालय, जलेबी चौक, हवामहल के पीछे नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए निर्धारित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने निर्धारित नामांकन प्राप्ति स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्यवाही नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से संपादित करना सुनिश्चित करें। इस व्यवस्था के साथ जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने की वार्डवार व्यवस्था निर्धारित कर दी गई है।

Tags: