जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माइक पर बात करते राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़।

जयपुर, 16 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को भाजपा प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अनवरत राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा की यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 17 सितंबर को जन्मदिवस देशभर में उत्साह, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। उनकी सेवा एवं समर्पण की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यकर्ता और आमजन अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों एवं चौपालों पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना करेंगे। बूथ समिति के सदस्य अपने बूथ में लाभार्थी के घर जाकर आशीर्वाद का दीया प्रज्जवलित करेंगे।

राठौड़ ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को समर्पित इस अभियान में सहभागी बनें तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प से सेवा और सेवा से सुशासन’ की इस प्रेरणादायी यात्रा को आगे बढ़ाने में प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करने की अपील की।

राठौड़ ने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश की सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में मोदी जी के द्वारा किए गए सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर जानकारी दी जाएगी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। संगठन की ओर से पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक स्कूलों में कार्यकर्ता जाएंगे।

इसके साथ ही सेवा स्मरण कार्यक्रम, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, हैकाथॉन, 25 साल 25 कहानियां जैसे विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस तरह 17 सितंबर से शुरू होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जन-जन तक सरकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा।

Tags: