तस्वीर में जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मानसरोवर डिपो के मुख्य द्वार के बाहर हाथों में तिरंगा झंडा लिए खड़े मेट्रो कर्मी नजर आ रहे हैं।

जयपुर मेट्रो में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के तहत गुरुवार, 13 अगस्त को तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जयपुर मेट्रो प्रशासन की ओर से कर्मचारियों में देशभक्ति एवं समर्पण की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

“हर घर तिरंगा अभियान-2026” देश में 09 से 17 अगस्त, 2026 तक तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुर मेट्रो के मानसरोवर एवं छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो कार्मिकों ने रंगोली सजाई। मेट्रो ट्रेनों के भीतर मौजूद पैनलों पर “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के विज्ञापन प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही मेट्रो ट्रेनों पर अभियान की विशेष ब्रांडिंग भी की गई है।

मेट्रो प्रशासन की ओर से बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों और कार्मिकों के लिए देशप्रेम की भावना से प्रेरित सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। यहां यात्री अपनी फोटो खिंचवाकर उसे सोशल मीडिया पर https://harghartiranga.com/selfie तथा #MyJaipurMetro के साथ टैग कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।

अभियान के तहत मेट्रो प्रशासन ने सभी कार्मिकों को भारतीय ध्वज वितरित किया। इसके बाद सभी कार्मिक तिरंगे के साथ मेट्रो डिपो के मुख्य द्वार पर सामूहिक रूप से एकत्रित हुए और राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया। इसके पश्चात मेट्रो प्रशासन की ओर से आयोजित तिरंगा रैली में कार्मिकों ने भरपूर उत्साह के साथ भाग लिया। यह रैली मानसरोवर मेट्रो डिपो परिसर के मुख्य द्वार से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तक निकाली गई।

जयपुर मेट्रो के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री वैभव गालरिया ने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान 2026 के तहत कार्मिकों को भारतीय ध्वज वितरित कर सभी कर्मचारियों को उसे अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित किया गया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को पूरे देश में आयोजित हो रहे इस राष्ट्रव्यापी उत्सव में देशप्रेम की भावना के साथ शामिल होने के लिए प्रेरित करना है।

“हर घर तिरंगा अभियान-2026” के तहत जयपुर मेट्रो की इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों और यात्रियों को अभियान से जोड़ने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Tags: