तस्वीर में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और विधायक डॉ. गोपाल शर्मा जयपुर के जवाहर नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों व आमजन के बीच नजर आ रहे हैं।

जयपुर के जवाहर नगर में गुरुवार को निकली तिरंगा यात्रा में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के शामिल होने से हर घर तिरंगा अभियान ने जनआंदोलन का स्वरूप ले लिया। हजारों बच्चों, विद्यार्थियों और आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान हो उठा।

तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का भव्य उत्सव देखने को मिला। इस अवसर पर सिविल लाइन्स विधायक डॉ. गोपाल शर्मा भी उपस्थित रहे। यात्रा में तिरंगा रथ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। राष्ट्रभक्ति के गीतों से पूरा वातावरण देशप्रेम के रंग में रंग गया। हजारों की संख्या में विद्यार्थी और आमजन हाथों में तिरंगा लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय तथा राज्य के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जा रहा है।

केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने 80वें स्वाधीनता दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं और नागरिकों को राष्ट्रध्वज तिरंगा वितरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके साथ सेल्फी भी ली।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों से अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने और harghartiranga.com पर अपनी तिरंगा सेल्फी अपलोड कर इस जनअभियान से जुड़ने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाने का प्रेरक माध्यम बन रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस जनअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

जवाहर नगर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आमजन की उत्साहपूर्ण सहभागिता, तिरंगा रथों की आकर्षक मौजूदगी और राष्ट्रभक्ति के गीतों से ओतप्रोत वातावरण ने एक तिरंगा-एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार किया। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता पर्व के प्रति जन-उत्साह और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया।

Tags: