हर घर तिरंगा अभियान ने लिया जन आंदोलन का स्वरूप, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फहराया तिरंगा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराया और प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
राजस्थान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अभियान के तहत मुख्यमंत्री निवास पर सपत्नीक तिरंगा झंडा फहराया और प्रदेशवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराकर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रकट करने का पर्व है। राष्ट्रध्वज देश की आन-बान-शान और बलिदान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा झंडा फहराकर इस अभियान से जुड़ें।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को अल्बर्ट हॉल से राज्य स्तरीय तिरंगा रैली के माध्यम से प्रदेश में 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी। राज्य सरकार के प्रयासों और आमजन की सक्रिय सहभागिता से यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रदेश में जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
इस वर्ष का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित है। प्रदेशवासी पूरे उत्साह और उमंग के साथ घरों, स्कूलों, कॉलेजों तथा कार्यस्थलों पर तिरंगा फहरा रहे हैं। राष्ट्रीय भावना का जश्न मनाने के लिए गांवों और शहरों में तिरंगा यात्रा, रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है। इस तरह अभियान प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त कर रहा है।