जयपुर: टांकरड़ा के राजस्व शिविर में हल हुई राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि
विकसित भारत जन सेवा अभियान के दौरान चौमू के टांकरड़ा गांव में वर्षों से लंबित खाता त्रुटि का मौके पर ही सत्यापन कर सुधार किया गया।
जयपुर, 27 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को सरकारी सेवाओं, योजनाओं एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत टांकरड़ा में आयोजित राजस्व शिविर में मीनाक्षी कुमारी के राजस्व रिकॉर्ड में वर्षों से लंबित त्रुटि का मौके पर ही समाधान किया गया।
मीनाक्षी कुमारी के नाम दर्ज खाता संख्या 141 के राजस्व अभिलेखों में उनके पति के नाम का इंद्राज दर्ज नहीं था। इसके चलते उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि सुविधाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार चौमू के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर समस्या के समाधान का अनुरोध किया।
राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच के बाद खाता संख्या 141 में मीनाक्षी कुमारी के पति मुकेश कुमार चौधरी का नाम नियमानुसार दर्ज कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि का मौके पर ही निराकरण हो गया।
राजस्व अभिलेख में पति का नाम दर्ज होने के बाद अब मीनाक्षी कुमारी को अपनी भूमि से जुड़े सरकारी लाभ एवं योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। राजस्व रिकॉर्ड में सुधार होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि के त्वरित निराकरण के लिए मीनाक्षी कुमारी ने राजस्थान सरकार, शिविर में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। ग्राम पंचायत टांकरड़ा में आयोजित राजस्व शिविर में हुआ यह निराकरण वर्षों से लंबित अभिलेखीय समस्या के मौके पर समाधान का आधार बना।