जयपुर के श्री मंगल गणेश मंदिर में गणेश महोत्सव, 56 भोग की सजेगी झांकी
प्रतापनगर स्थित मंदिर में चार प्रहर की आरती, दूध-पंचामृत अभिषेक और वैदिक पूजन के साथ महाआरती का विशेष आयोजन किया जाएगा।
जयपुर स्थित श्री मंगल गणेश मंदिर में आकर्षक वस्त्रों और मुकुट से सजी भगवान गणेश की प्रतिमा।
जयपुर, 13 सितंबर। प्रतापनगर स्थित दहलावास बालाजी के सामने श्री मंगल गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर को गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। मंदिर में 12 सितंबर से शुरू हुए गणेश महोत्सव के तहत श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंदिर के महंत चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश को नवीन आकर्षक पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। दिनभर चार प्रहर आरती के साथ भगवान गणपति की विशेष पूजा-अर्चना होगी। शाम को महाआरती के साथ 56 भोग की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सजाई जाएगी।
गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर रविवार को गणपति पूजा, मेहंदी वितरण तथा 21 किलो दूध एवं पंचामृत से गणपति प्रतिमा का अभिषेक किया गया। इसके बाद आकर्षक पोशाक एवं श्रृंगार के साथ भगवान गणेश की विशेष आरती की गई। मंदिर परिसर में अखंड ज्योति और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गणेश महोत्सव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
महंत शर्मा ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए दूध तीर्थ जल से महाभिषेक, सहस्र मोदक अर्पण और विशेष वैदिक पूजन जैसे आयोजन भी किए जा रहे हैं। सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है।
गणेश चतुर्थी पर शाम 8 बजे महाआरती होगी। वहीं, 56 भोग की आकर्षक झांकी गणेश भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर परिसर में पूरे दिन ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।