राजस्थान निकाय चुनाव में BJP की जीत, CM भजनलाल ने जताया आभार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जीत को पीएम मोदी के विजन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम बताते हुए जनता का धन्यवाद किया।
जयपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नेता हाथ उठाकर विक्ट्री साइन बना रहे हैं।
जयपुर, 14 सितंबर 2026। नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय राजस्थान की जनता के विश्वास की जीत है। यह जीत उन कर्मठ कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने लगातार समय देकर और कठिन परिश्रम कर भाजपा को विजय दिलाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में हुए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रदेश की जनता ने अपनी मुहर लगाई है। राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को स्वीकार करते हुए भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है। प्रदेश के युवाओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विजन पर फिर से भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के युवाओं के उस विश्वास को भी दर्शाती है, जो प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी निकायों तक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। सरकार की नीति के अनुरूप ‘ग्राम विकास और शहर विकास’ के कार्यों को धरातल तक पहुंचाने का काम किया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ढाई वर्ष पहले जो संकल्प लिए थे, उनमें से 78 प्रतिशत संकल्प पूरे किए जा चुके हैं। नगरीय विकास के लिए दिए गए संकल्प पत्र में जनता के हित, विकास, गरीब कल्याण, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों और आमजन से जुड़े जो वादे किए गए हैं, उन्हें भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की जनता ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई राजनीतिक दल जनता से जुड़कर उनके कार्यों और संवेदनाओं को समझते हुए उनके हर सुख-दुख में सहभागी बन सकता है, तो वह ‘भारतीय जनता पार्टी’ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनसंपर्क मॉडल, आमजन की बात सुनने और उनकी शिकायतों का समाधान करने की कार्यप्रणाली को जनता ने स्वीकार किया है। सरकार के जनसुनवाई और समस्या समाधान के प्रयासों की 84 प्रतिशत सफलता दर भी जनता के विश्वास को मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय राजस्थान की जनता और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को समर्पित है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प की जीत, युवाओं के विश्वास की जीत और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की जीत है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास, वार्ड विकास और निकाय विकास के जिस मॉडल को प्रदेश सरकार आगे बढ़ा रही है, उस पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है और आने वाले समय में पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा के विकास मॉडल पर अपना विश्वास व्यक्त करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी निकाय चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के लिए प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस विजय में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को जागरूक करने और पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक विजय के लिए हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय सहित प्रदेश पदाधिकारियों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर विजय की बधाई दी।
इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ अरूण चतुर्वेदी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, बाल मुकुंदाचार्य, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री डॉ अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। निकाय चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा नेतृत्व ने इस जीत को जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार के विकास एवं जनसंपर्क मॉडल की स्वीकार्यता से जोड़ा है।