जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल के समापन पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जवाहर कला केंद्र में संबोधित किया।

जयपुर। गुलाबी नगरी की विरासत, पारंपरिक शिल्प और आधुनिक डिज़ाइन सोच को एक मंच पर लाने वाला तीन दिवसीय जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल (जेडीएफ) बुधवार, 18 नवंबर को जवाहर कला केंद्र में भव्य रूप से संपन्न हुआ। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को समर्पित इस आयोजन के अंतिम दिन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह और राजकुमारी गौरवी कुमारी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे और प्रदर्शित कलाकृतियों एवं डिज़ाइनों की सराहना की।

फेस्टिवल को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदर्शनी और इसे साकार करने में जुटे डिज़ाइनर्स एवं शिल्पकारों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल केवल तीन दिनों तक चलने वाला आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक बड़ी पहल की शुरुआत है। हेरिटेज सिटी के रूप में जयपुर की पहचान को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसकी शुरुआत शहर के नागरिकों से होनी चाहिए, केवल सरकार से नहीं।

उन्होंने शहरवासियों से जयपुर को स्वच्छ रखने के साथ ऐतिहासिक इमारतों, स्थापत्य कला और शहर की मूल पहचान को संरक्षित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जयपुर के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि या बदलाव के प्रति नागरिकों को अपनी आवाज उठानी चाहिए। इसके लिए हर बार सरकारी कार्रवाई का इंतजार करना उचित नहीं है।

अगले वर्ष जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष का उल्लेख करते हुए दिया कुमारी ने शहर को हर दृष्टि से सुंदर बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी से जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल को निरंतर जारी रखने और इसे व्यापक पहल का स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।

इस दौरान महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह और राजकुमारी गौरवी कुमारी ने सभी एग्जिबिटर्स एवं जेडीएफ टीम के सदस्यों के साथ समय बिताया। उन्होंने फेस्टिवल में प्रदर्शित कलाकृतियों और डिज़ाइनों का अवलोकन किया तथा आयोजन की सराहना की।

फेस्टिवल के तीसरे और अंतिम दिन डिज़ाइन इंडस्ट्री एवं एंटरप्राइज तथा 'द फ्यूचर ऑफ डिज़ाइन' विषयों पर दो प्रमुख फोरम आयोजित किए गए। इनमें डिज़ाइनर्स, उद्यमियों, मैन्युफैक्चरर्स और क्रिएटिव इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने डिज़ाइन क्षेत्र की संभावनाओं, उद्योगों के साथ इसके समन्वय और भविष्य की बदलती जरूरतों पर अपने विचार साझा किए।

'डिज़ाइन इंडस्ट्री एवं एंटरप्राइज' फोरम में डिज़ाइन आधारित उद्यमिता, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। वहीं, 'द फ्यूचर ऑफ डिज़ाइन' फोरम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीकी बदलावों के दौर में मानवीय रचनात्मकता की भूमिका और डिज़ाइन के भविष्य पर विचार-विमर्श किया गया।

एसोसिएशन ऑफ डिज़ाइनर्स ऑफ इंडिया (एडीआई) के जयपुर चैप्टर की ओर से आयोजित पहले जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल ने शहर की समृद्ध विरासत, पारंपरिक शिल्प और आधुनिक डिज़ाइन सोच को साझा मंच प्रदान किया। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस पहल के माध्यम से शहर की रचनात्मक पहचान को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने और डिज़ाइन के जरिए इसके भविष्य पर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया।

तीन दिवसीय फेस्टिवल का समापन ड्रम सर्किल की धुनों के बीच प्रस्तुत राजस्थानी कालबेलिया नृत्य के साथ हुआ। इस तरह जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल ने अपनी पहली आयोजन श्रृंखला में विरासत, शिल्प, उद्यमिता, तकनीक और मानवीय रचनात्मकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया।

Tags: