जयपुर: पंचायत चुनाव को लेकर BJP विधि प्रकोष्ठ की बैठक, प्रत्याशियों को मिलेगी विधिक सहायता
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को आचार संहिता, नामांकन प्रक्रिया और दस्तावेजों की जांच से जुड़े कानूनी नियमों का मार्गदर्शन देने का निर्णय लिया गया।
जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में हाथ जोड़कर अभिवादन करते भाजपा नेता।
जयपुर, 2 अक्टूबर 2026। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को भाजपा विधि प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नामांकन से लेकर संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया तक प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक विधिक जानकारी उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी एवं विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत ने संबोधित किया। पंचायत चुनावों की तैयारियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विधिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पंचायत चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक विधिक जानकारियां उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है।
बगड़ी ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने से लेकर प्रत्याशियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों को पूर्ण एवं सही तरीके से भरवाने तक प्रत्येक प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। नामांकन पत्र भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए विधि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच, आपत्तियों, चुनाव संबंधी नियमों एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी जानकारी दी जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ सारस्वत ने कहा कि पंचायत चुनावों के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं एवं प्रत्याशियों को विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने के लिए विधि प्रकोष्ठ पूरी तरह सक्रिय रहेगा। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी नियमों एवं प्रावधानों का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं को सजगता के साथ कार्य करना है।
बैठक में पंचायत चुनावों के दौरान नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, चुनाव संबंधी कानूनी प्रावधानों, आचार संहिता एवं अन्य विधिक विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया में आवश्यक विधिक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान पार्टी प्रवक्ता अशोक शेखावत, नवीन जैन, अवधेश कुमार शर्मा, अभय सिंह शेखावत, सुमन यादव, नम्रता शर्मा, राजेश गुर्जर, भैंरू सेन सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।