हनुमानगढ़ में नशे के खिलाफ एसपी बी. आदित्य का बड़ा एक्शन, बाइक से पहुंचकर की हॉटस्पॉट जांच

हनुमानगढ़ में नशे के खिलाफ एसपी बी. आदित्य ने बाइक से हॉटस्पॉट क्षेत्रों में दबिश दी, संदिग्धों पर कार्रवाई और निगरानी बढ़ाई।

Update: 2026-07-27 08:27 GMT

तस्वीर में हनुमानगढ़ में सेफ सिटी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और अन्य पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल पर गश्त करते हुए नजर आ रहे हैं।

नशे के खिलाफ राजस्थान पुलिस के अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य स्वयं मैदान में उतरे। ‘सेफ सिटी अभियान’ के तहत एसपी बी. आदित्य बाइक पर सवार होकर सेफ सिटी टीम के साथ नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पहुंचे और अचानक दबिश देकर निरीक्षण एवं कार्रवाई की।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिला पुलिस द्वारा 25 जुलाई से ‘सेफ सिटी अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान को गति देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने स्वयं टीम के साथ नशा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।

अभियान के प्रथम चरण में जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन 10 मोटरसाइकिलों पर 20 पुलिसकर्मी रोटेशन प्रणाली के तहत अलग-अलग पारियों में चिन्हित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में खंडहरों, सुनसान स्थानों, सार्वजनिक पार्कों और अन्य निर्जन जगहों का उपयोग नशा करने के अड्डों के रूप में किया जा रहा था। पुलिस की लगातार मौजूदगी के जरिए ऐसे स्थानों पर कानून का भय कायम करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना अभियान का उद्देश्य है।

जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में जारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645 31201 पर आमजन से मिली सूचनाओं के आधार पर नशा प्रभावित कई हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित किया गया था। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे स्थानों की जानकारी दी थी, जहां आदतन नशा करने वाले लोगों की आवाजाही के कारण आसपास के क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था।

इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य स्वयं सेफ सिटी टीम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर चिन्हित नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों के निरीक्षण और औचक कार्रवाई के लिए पहुंचे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद बिश्नोई भी उनके साथ मौजूद रहे।

पुलिस टीम ने खुंजा हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के पार्कों, सुनसान खंडहरों और अन्य चिन्हित स्थानों पर अचानक दबिश देकर सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और कुछ व्यक्तियों को शांतिभंग की आशंका के मद्देनजर राउंडअप कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही पूरे क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नशे से जुड़े हॉटस्पॉट स्थलों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई गई।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने बताया कि पुलिस नेतृत्व द्वारा स्वयं धरातल पर उतरकर टीम के साथ कार्य करने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि ‘सेफ सिटी अभियान’ के अंतर्गत नशे से जुड़े हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर नियमित निगरानी, गश्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी हो तो वे जिला पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645 31201 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

जिला पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस और आमजन की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान हनुमानगढ़ को अपराध मुक्त, नशामुक्त एवं सुरक्षित जिला बनाने की दिशा में एक प्रभावी और जनहितकारी पहल साबित होगा।

Tags:    

Similar News