गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, 29 जुलाई से शुरुआत Article
भाजपा 29 जुलाई से गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान शुरू करेगी, जानिए अभियान के कार्यक्रमों और कलश यात्रा की पूरी जानकारी।
तस्वीर में बीजेपी महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी नजर आ रहे हैं, जो भगवा गमछा पहने हुए हैं और पीछे पार्टी का प्रतीक चिह्न दिखाई दे रहा है।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 से राष्ट्रव्यापी "श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान" शुरू करेगी। अभियान के माध्यम से संत रविदास महाराज के समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रदेशभर में चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रहेगी।
भूपेंद्र सैनी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को प्रदेश के सभी श्री गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य स्थानीय मंदिरों में संत रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान समरसता का संकल्प दिलाया जाएगा और संत रविदास जी के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत संत रविदास महाराज की जन्मस्थली गोवर्धनपुर (वाराणसी) से होगी। वहां भव्य सभा एवं महाआरती के बाद पवित्र कलश राजस्थान के लिए रवाना किया जाएगा। राजस्थान के लिए यह कलश विशेष प्रतिनिधिमंडल द्वारा लाया जाएगा। 30 जुलाई को जयपुर आगमन के दौरान भरतपुर, दौसा एवं जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर रथ एवं कलश का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जयपुर पहुंचने के बाद पवित्र कलश से 44 कलश तैयार किए जाएंगे, जिन्हें प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद जिला मुख्यालयों से इन कलशों को जिले के प्रमुख मंदिरों तक पहुंचाकर श्रद्धापूर्वक स्थापित किया जाएगा।
अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में रविदास समाज एवं अन्य अनुसूचित जाति समाज के संतों, महंतों एवं गुरुओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उनका सम्मान किया जाएगा। साथ ही सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संत समाज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान 26 नवम्बर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न छात्रावासों में संत रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के साथ समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में युवाओं एवं विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "विकसित भारत–2047" के संकल्प पर संवाद किया जाएगा तथा सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर चर्चा होगी।
प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कहा कि यह अभियान केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों को प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं मंडल स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा।