राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा- शिक्षा से ही समाज का विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने खटीक समाज के 44वें स्थापना दिवस समारोह में शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Update: 2026-07-27 08:12 GMT

तस्वीर में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे पोडियम पर खड़े होकर मंच से संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि कोई भी समाज विकास की ओर तभी अग्रसर होता है, जब वह रूढ़ियों और कुरीतियों से मुक्त होकर शिक्षा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि समयानुकूल जो समाज स्वयं को सकारात्मक रूप से बदलता है, वही निरंतर प्रगति करता है।

राज्यपाल श्री बागडे रविवार को खटीक समाज के 44वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने के लिए सभी से मिलकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का संकल्प तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षा, रोजगार, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है और शिक्षा के माध्यम से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने खटीक समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने खटीक समाज के नासिक के स्वतंत्रता सेनानी श्री रघुनाथ जाधव का स्मरण करते हुए समाज के परिश्रम, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समर्पण को महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल ने संत दुबर्लनाथ महाराज जैसे संतों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया का भी स्मरण किया और कहा कि भारत का संविधान समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व का संदेश देता है।

श्री बागडे ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने कहा कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Tags:    

Similar News