भाजपा राजस्थान में चलाएगी 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान
22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रदेशभर में पदयात्राओं और युवा संवाद के जरिए एसआईआर व अवैध घुसपैठ के मुद्दों पर जनता को जागरूक करेगी भाजपा।
जयपुर में भाजपा अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' की घोषणा करते श्रवण सिंह बगड़ी।
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्राओं, प्रेस कॉन्फ्रेंस, विधानसभा स्तर पर बौद्धिक संवाद, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में युवा कार्यक्रमों सहित सोशल मीडिया गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने 20 अक्टूबर 2026 को यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के माध्यम से मतदाता सूची की शुचिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अवैध घुसपैठ के मुद्दों पर जनजागरण किया जाएगा।
श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची की शुचिता और पात्र नागरिकों के मतदान अधिकारों के समर्थन में जनसमर्थन जुटाना, एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देना तथा चुनाव आयोग सहित लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत करने का संदेश देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन पदयात्राओं के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, घुसपैठ और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता को सच्चाई से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही 23 से 31 अक्टूबर के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन संवादों में डॉक्टर, वकील, शिक्षक, प्रोफेसर, कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और अन्य पेशेवर भाग लेंगे। कार्यक्रमों में एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन और अवैध घुसपैठ से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने बताया कि ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र—युवा संवाद’ के तहत महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चुनावी निष्पक्षता, नागरिकता, एसआईआर, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय विकास जैसे विषयों पर संवाद होगा। अभियान के दौरान विशेषांक पत्रिकाओं, लेखों, पुस्तिकाओं और पर्चों के माध्यम से भी एसआईआर तथा मतदाता सूची की शुचिता से जुड़े पक्ष को जनता के सामने रखा जाएगा।
बगड़ी ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता, पात्र नागरिकों के मतदान अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को प्रमुखता से जनता के बीच ले जाएगी। अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, पूर्व उप महापौर पुनित कर्नावट और प्रदेश सह कार्यालय मंत्री भवानीशंकर शर्मा को प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर अलग-अलग टोलियों का गठन भी किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस टोली में प्रमोद वशिष्ठ, लक्ष्मीकांत पारीक और योगेश सिंह सिसोदिया को शामिल किया गया है। ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्रा टोली में नारायण मीना, एकता अग्रवाल, विक्रमसिंह शेखावत और नीरज जैन को जिम्मेदारी दी गई है।
‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ टोली में राजेन्द्र गहलोत, गोपाल शर्मा, राखी राठौड़ और अटल खण्डेलवाल शामिल हैं। ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र-युवा संवाद’ टोली में आईदान सिंह भाटी, शंकर गोरा, कैलाश वर्मा और नरेश औझा को शामिल किया गया है। छात्रों की प्रतिस्पर्धा टोली में डॉ. अपूर्वा सिंह, श्याम सिंह राजावत और होशियार मीना को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ टोली में सुमन शर्मा, श्याम अग्रवाल, अविनाश जोशी और सौम्या गुर्जर शामिल हैं। विशेषांक पत्रिकाएँ टोली में राजेन्द्रसिंह शेखावत, डॉ. बीरू सिंह राठौड़ और शिव शंकर शर्मा को शामिल किया गया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में जनसंवाद, पदयात्राओं, शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रमों और प्रचार सामग्री के जरिए मतदाता सूची की शुचिता, एसआईआर तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास से जुड़े मुद्दों को प्रदेशभर में उठाया जाएगा।