जयपुर में पंचायती राज चुनाव को लेकर बयान देते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जिन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता बताया।

जयपुर, 20 अक्टूबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत ग्रामीण विकास को गति देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को भाजपा सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विकसित गांव ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं से भाजपा को विजयी बनाकर कांग्रेस की कट-कमीशन वाली संस्कृति को समाप्त करने का आह्वान किया।

मदन राठौड़ ने कहा कि गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीण नागरिकों को बेहतर सुविधाओं के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम विकास के बिना भारत का विकास संभव नहीं है। पंचायती राज संस्थाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं का निर्वाचित होना ग्रामीण विकास को गति देने के साथ देश के विकास के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी उद्देश्य से भाजपा ने ग्राम संकल्प पत्र जारी कर अपनी मंशा और प्रतिबद्धता जाहिर की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांव और गरीब हमेशा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। अंत्योदय का विचार गांवों और गरीबों को संबल प्रदान करने की दिशा में काम करता है। ग्रामोत्थान से ही राष्ट्रोत्थान का मार्ग प्रशस्त होगा। इसलिए पंचायती राज संस्थाओं में ईमानदार और विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का चुनाव जीतना जरूरी है, ताकि जनता के लिए बनाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और कांग्रेस द्वारा विकसित की गई कट-कमीशन की संस्कृति समाप्त की जा सके।

राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ कृषि, पशुपालन, ग्रामीण उद्योग और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देना आवश्यक है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की वास्तविक प्रगति तभी सुनिश्चित होगी, जब गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किसानों, मजदूरों तथा ग्रामीण युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगा। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार जनहित को केंद्र में रखकर ग्रामीण विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण जनता के सामूहिक प्रयासों से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Tags: